रियलिटी शो बिग बॉस 20 के इस हफ्ते के वीकेंड का वार एपिसोड में काफी हंगामा देखने को मिलेगा। शो के होस्ट सलमान खान इस बार आसिफ खान पर जमकर भड़के नजर आएंगे। वजह है घर में लव गिल के साथ हुई उनकी तीखी बहस। एपिसोड का प्रोमो रिलीज हो चुका है, जिसमें सलमान को आसिफ को डांटते और उन्हें अपनी गलती का अहसास कराते देखा जा सकता है। इस दौरान लव गिल रोती हुई भी नजर आईं।

सलमान ने आसिफ से पूछा तीखा सवाल
प्रोमो में सलमान खान आसिफ से सवाल करते दिख रहे हैं कि जब लव नकुल के पास चली गईं तो उन्हें एतराज क्यों हुआ। सलमान ने कहा, तुम्हारा क्या लेना-देना भाई। क्या ये आपकी घरवाली हैं? आपकी बहन हैं कि क्या हैं? इस पर आसिफ ने सफाई देते हुए कहा कि लव का वॉल्यूम हर समय ऊंचा रहता है। लेकिन सलमान इस जवाब से संतुष्ट नजर नहीं आए।
लव गिल के आंसू, सलमान ने सुनाई खरी-खरी
प्रोमो में लव गिल रोते हुए कहती नजर आईं कि आसिफ हर बात पर उन्हें चापलूसी करने वाली और गंवार कहते हैं। इस पर आसिफ ने कहा कि लव उनसे ज्यादा चिल्ला रही थीं। तब सलमान ने साफ कहा कि लव चिल्ला नहीं रहीं, चिल्ला आसिफ रहे थे। सलमान ने कहा, रूड आप थे, बदतमीज आप थे। मैंने पूरा एपिसोड देखा। जिस हिसाब से आपने बात की, मुझे नहीं लगता कि वह कूल था।
झगड़े की वजह: नकुल से बात पर बंटा घर
इस झगड़े की जड़ नकुल धुल से जुड़ा हाथापाई का मामला है, जिसको लेकर पूरा घर बंटा हुआ था। इसी बीच लव गिल ने जाकर नकुल से बात की, जो बाकी घरवालों को अजीब लगा। आसिफ ने लव को टोकते हुए कहा कि उन्हें नकुल के साथ नहीं बैठना चाहिए, यह गलत बात है। लव ने इस पर आपत्ति जताई कि कोई उन्हें यह नहीं बताए कि उन्हें क्या करना है। इसके बाद दोनों के बीच काफी बहस हो गई थी।
यंग डीएसए और कनिका को मिली शाबाशी
एक तरफ सलमान ने आसिफ की क्लास लगाई, तो दूसरी तरफ उन्होंने यंग डीएसए और कनिका मान की तारीफ भी की। सलमान ने सभी घरवालों से कहा कि यह मेंटल स्ट्रेंथ और रणनीति का शो है, हिंसा के लिए जीरो टॉलरेंस है। उन्होंने कहा कि गुस्सा होना जरूरी है, लेकिन गुस्से और टेम्पर में फर्क है। ऊपर वाले ने दिमाग सोचने के लिए दिया है, सही चीजों के लिए उसका इस्तेमाल करो। सलमान ने कहा कि यंग ने सबसे ज्यादा लॉजिक की बात की, क्योंकि उन्होंने यह लाइफ देखी है, और उन्हें हैट्स ऑफ कहा। कनिका से सलमान ने कहा कि उन्होंने कमाल किया, वे अपने ग्राउंड पर रहीं और इस हफ्ते का उनका काम उन्होंने कर दिया।
अमन गांधी के एविक्शन की भी चर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हफ्ते अमन गांधी का शो से पत्ता कट गया है। बताया जा रहा है कि सबसे कम वोट मिलने की वजह से उन्हें घर छोड़ना पड़ा। इस हफ्ते आम्रपाली दुबे और मनीष गोयल को छोड़कर सभी घरवाले नॉमिनेटेड थे। वोटिंग ट्रेंड में अमन गांधी और मैरी कॉम सबसे पीछे चल रहे थे। पिछले हफ्ते भी अमन को सबसे कम वोट मिले थे, जिससे उनकी एक लाइफलाइन चली गई थी। सलमान ने उन्हें अपनी गेम सुधारने की सलाह भी दी थी। हालांकि, एविक्शन को लेकर मेकर्स की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
इसी हफ्ते घरवालों ने राशन की खातिर अरिश्फा खान की एक लाइफलाइन भी छीन ली थी, जिस पर अरिश्फा ने काफी बवाल किया था। वीकेंड का वार में सलमान काजी तौकीर, आसिफ खान, उदिति सिंह, अरिश्फा खान, अमन गांधी और आम्रपाली दुबे को भी आड़े हाथों लेते नजर आ सकते हैं।

