छह सीटों पर हुए उपचुनावों की मतगणना का नतीजा 9 अक्टूबर को सामने आ गया। पांच विधानसभा सीटों और असम की नगांव लोकसभा सीट के लिए पड़े वोटों की गिनती के बाद भारतीय जनता पार्टी ने तीन, थलपति विजय की पार्टी तमिलगा वेट्रि कझगम (TVK) ने दो और पुडुचेरी की ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (AINRC) ने एक सीट पर जीत दर्ज की।


असम की नगांव लोकसभा सीट पर BJP की जीत
असम की नगांव लोकसभा सीट पर भाजपा के देवाशीष शर्मा ने बड़े अंतर से जीत हासिल की। पूर्व आईएएस अधिकारी शर्मा को 4,34,209 वोट मिले, जबकि उनके सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल को 3,20,643 वोट मिले। दोनों के बीच 1,13,566 वोटों का फासला रहा। कांग्रेस की शिवमोनी बोरा 78,962 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। इस सीट पर 6 अक्टूबर को 76.19 फीसदी मतदान हुआ था और मतगणना नगांव के दो केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच पूरी हुई। कुल 15 उम्मीदवार मैदान में थे।
नंदीग्राम में 1.22 लाख वोटों का रिकॉर्ड अंतर
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर भाजपा की हसी रानी रथ ने कांग्रेस के मिलन प्रधान को 1,22,753 वोटों से हराकर रिकॉर्ड जीत दर्ज की। हसी रानी रथ को 1,64,427 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार के खाते में 41,674 वोट आए। बता दें कि हसी रानी रथ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हैं। इस राजनीतिक रूप से अहम सीट पर नतीजे घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल रहा।
रेजीनगर में भी भाजपा का परचम
रेजीनगर विधानसभा सीट पर भाजपा के शंकरब्रत सरकार विजेता बने। उन्होंने आम जनता उन्नयन पार्टी के गोलाम नबी आजाद (रॉबिन) को 51,595 वोटों से पीछे छोड़ा। शंकरब्रत सरकार को 80,748 वोट मिले, जबकि रॉबिन 29,153 वोटों पर सिमटे। मतदान के दौरान बूथों पर अनियमितताओं और छिटपुट झड़पों के आरोप भी लगे थे, लेकिन नतीजों के बाद भाजपा ने इसे जनता के भरोसे की जीत बताया।
तमिलनाडु की दोनों सीटों पर TVK का कब्जा
तमिलनाडु की धारापुरम और मदुरंतकम विधानसभा सीटों पर थलपति विजय की पार्टी TVK ने जीत का परचम लहराया। धारापुरम में TVK की पी. सत्यभामा ने डीएमके की एस. सुगन्या को हराया। सत्यभामा को 54,099 और सुगन्या को 45,088 वोट मिले। मदुरंतकम में TVK के के. मरगाथम कुमारवेल ने डीएमके के आई. परंथामेन को 14,109 वोटों से मात दी। दोनों सीटों पर रुझानों के दौरान ही चेन्नई के पनैयूर स्थित पार्टी कार्यालय में समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया था और एक-दूसरे को मिठाई खिलाई थी।
पुडुचेरी की थट्टनचावडी सीट AINRC के नाम
पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर एनडीए की सहयोगी पार्टी ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस के अशोक आनंद ने जीत दर्ज की। इस तरह पांच विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट के नतीजे पूरी तरह सामने आ गए।
पीएम मोदी और भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीतने वाले उम्मीदवारों और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि ये नतीजे एक बार फिर दिखाते हैं कि जनता का भाजपा-एनडीए के सुशासन के एजेंडे से गहरा जुड़ाव है। उन्होंने पुडुचेरी की जीत के लिए AINRC को भी शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह जनादेश लोगों के कल्याण के लिए काम करने की ताकत देगा। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चार सीटों पर भाजपा की जीत को पार्टी का चौका बताया और विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र में हंगामा कुछ देर तक गूंजता है, लेकिन जनता के फैसले की गूंज दूर तक जाती है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय नेतृत्व की विकास की राजनीति पर जनता के भरोसे को दिखाती है। रेजीनगर को लेकर उन्होंने कहा कि बंगाली भाषी मुसलमानों को यह कहकर गुमराह किया गया था कि भाजपा सरकार आई तो उन्हें बांग्लादेश भेज दिया जाएगा, लेकिन सरकारी योजनाओं के लाभ ने यह धारणा तोड़ दी। उन्होंने बताया कि सिर्फ रेजीनगर में अन्नपूर्णा योजना से 70 हजार महिलाओं को लाभ मिला है, जिनमें 35 हजार मुस्लिम समुदाय की हैं। उन्होंने कहा कि अब लोग सरकार के साथ खड़े हैं।


