नरसिंहपुर जिले का गाडरवारा शहर अगले एक सप्ताह तक क्रिकेट के महाकुंभ का गवाह बनेगा। 11 से 17 नवंबर तक यहां 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता अंडर-19 बालक वर्ग का आयोजन होने जा रहा है। इस राष्ट्रीय आयोजन में देश के 27 राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 512 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम के खिलाड़ियों का संगम गाडरवारा की धरती पर देखने को मिलेगा। मध्य प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा क्षेत्रीय विधायक उदय प्रताप सिंह ने मंगलवार को एक निजी होटल में पत्रकारों से चर्चा करते हुए आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना गाडरवारा के लिए बड़ी उपलब्धि है।
![]()
रुद्र मैदान में होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता के मुकाबले रुद्र मैदान गाडरवारा सहित क्षेत्र के अन्य ग्रामीण खेल मैदानों पर आयोजित किए जाएंगे। मंत्री सिंह ने बताया कि प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और खेल मैदानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से आयोजन का व्यापक कवरेज करने और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की। मंत्री ने कहा कि यह केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि देशभर की युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बड़ा मंच है। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण, सुविधाएं और सकारात्मक माहौल उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उद्घाटन के साथ विकास कार्यों की सौगात
मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि 11 नवंबर को प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के साथ गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र में कई विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया जाएगा। गाडरवारा में प्रस्तावित ओपन स्टेडियम का भूमिपूजन होगा, वहीं चीचली में नवनिर्मित आईटीआई भवन का लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा अन्य विकास कार्यों की भी सौगात क्षेत्र को मिलेगी। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग भी शामिल होंगे। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष पंडित शिवाकांत मिश्रा, भाजपा नेता मुकेश मरैया, डॉ. हरगोविंद सिंह एवं राव संदीप सिंह सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत शर्मा ने किया।
स्थानीय युवाओं के लिए प्रेरणा का अवसर
मंत्री सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता से गाडरवारा को देशभर में नई पहचान मिलेगी। क्षेत्र के स्थानीय युवा खिलाड़ियों को 27 राज्यों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का खेल नजदीक से देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा। गाडरवारा के लिए यह आयोजन गौरव और उत्साह का बड़ा अवसर है। शहर में इस प्रतियोगिता को लेकर उत्साह का माहौल है और स्थानीय लोग देशभर से आने वाले खिलाड़ियों के स्वागत की तैयारी में जुटे हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि यह प्रतियोगिता न केवल खेल के क्षेत्र में, बल्कि क्षेत्र के विकास और पहचान के लिहाज से भी मील का पत्थर साबित होगी।

