back to top
Wednesday, November 25, 2026
Homeखेलप्रियांश आर्या के 181 रन, दिल्ली ने तमिलनाडु को 116 रन से...

प्रियांश आर्या के 181 रन, दिल्ली ने तमिलनाडु को 116 रन से हराया

इंदौर। शहर के डेली कॉलेज मैदान पर मंगलवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप बी मुकाबले में दिल्ली के सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने ऐसी पारी खेली, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। महज 68 गेंदों में 181 रन बनाकर उन्होंने दिल्ली को तमिलनाडु पर 116 रनों की विशाल जीत दिला दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 275 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में तमिलनाडु की टीम 18.3 ओवर में 159 रन पर ही सिमट गई।

प्रियांश आर्या के 181 रन, दिल्ली ने तमिलनाडु को 116 रन से हराया

19 छक्कों की बारिश, पावरप्ले में 94 रन

पिछले मैच में अर्धशतक लगाने वाले आर्या ने इस मुकाबले में पहले ही ओवर से तमिलनाडु के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। उन्होंने महज 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जिससे दिल्ली को तूफानी शुरुआत मिली और टीम ने पावरप्ले में 94 रन बटोर लिए। आर्या ने खास तौर पर आर सिलंबरासन और साई किशोर को निशाना बनाया और चौथे तथा पांचवें ओवर में 22-22 रन कूटे। 250 से अधिक के स्ट्राइक रेट को बनाए रखते हुए उन्होंने केवल 36 गेंदों में अपना तीसरा टी20 शतक पूरा किया और फिर 60 गेंदों पर 150 रन के आंकड़े को छू लिया। पारी के 19वें ओवर में एम सिद्धार्थ ने उन्हें आउट किया। उनकी इस यादगार पारी में 19 छक्के और सात चौके शामिल थे।

रिकॉर्ड से महज 7 रन दूर रह गए आर्या

25 वर्षीय आर्या पुरुषों के टी20 क्रिकेट में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर के रिकॉर्ड से महज सात रन पीछे रह गए। यह रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के लुआन-ड्रे गिल्बर्ट प्रिटोरियस के नाम है, जिन्होंने पिछले महीने सीएसए प्रो20 कप में नाबाद 188 रन बनाए थे। फिर भी आर्या की पारी ने कई भारतीय रिकॉर्ड तोड़ दिए। उन्होंने 2021 में महिला सीनियर टी20 ट्रॉफी में किरण नवगिरे द्वारा 76 गेंदों पर बनाए गए 162 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए टी20 क्रिकेट में किसी भी भारतीय द्वारा सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर दर्ज किया। उन्होंने पुरुषों के टी20 क्रिकेट में किसी भारतीय द्वारा सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर के केएल राहुल के पिछले रिकॉर्ड को भी पार कर लिया। 19 छक्कों के साथ वह पुरुषों की टी20 पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में न्यूजीलैंड के फिन एलन के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए हैं।

तमिलनाडु 159 पर ढेर, स्पिनरों का कहर

276 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए तमिलनाडु की टीम दिल्ली के स्पिन आक्रमण के सामने कभी भी चुनौती पेश करने की स्थिति में नहीं दिखी। दिग्वेश राठी ने 37 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि सुयश शर्मा ने 21 रन देकर तीन बल्लेबाजों को आउट किया। मयंक रावत ने एक विकेट लिया। इस तरह दिल्ली के स्पिनरों ने आपस में आठ विकेट बांटे और तमिलनाडु को 18.3 ओवर में 159 रनों पर ऑलआउट कर दिया। 116 रनों की इस बड़ी जीत के नायक रहे आर्या को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इंदौर में खेले गए इस मुकाबले ने एक बार फिर साबित कर दिया कि होलकर और डेली कॉलेज के मैदान बल्लेबाजों के लिए कितने मुफीद साबित हो रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments