back to top
Sunday, October 18, 2026
Homeमनोरंजनराजपाल यादव ने पत्नी राधा को कहा परिवार का हीरा, बर्थडे पर...

राजपाल यादव ने पत्नी राधा को कहा परिवार का हीरा, बर्थडे पर भावुक पोस्ट

पत्नी के लिए लिखा दिल छू लेने वाला संदेश

बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने रविवार को अपनी पत्नी राधा के जन्मदिन पर एक बेहद भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर पत्नी के साथ अपनी एक तस्वीर पोस्ट की और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। इस पोस्ट में उन्होंने पत्नी के लिए जो शब्द लिखे, वे सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। राजपाल ने पत्नी को अपने परिवार का हीरा बताया और खुद को उनका कर्जदार कहा।

राजपाल यादव पत्नी राधा बर्थडे पोस्ट

राजपाल यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि माता-पिता, गुरु और ईश्वर के बाद अगर उनकी जिंदगी में किसी का सबसे बड़ा कर्ज है, तो वह उनकी पत्नी राधा हैं। उन्होंने कहा कि वह इस कर्ज को दिल से और खुशी-खुशी हमेशा के लिए स्वीकार करते हैं और उन्हें इस बात पर गर्व है कि राधा उनकी जिंदगी में आईं। अभिनेता ने लिखा कि जिंदगी की हर मुश्किल घड़ी में, हर मोड़ पर पत्नी ने बिना अपना आपा खोए उनका साथ दिया और कभी उनका साथ नहीं छोड़ा।

मुश्किल वक्त में साथ खड़ी रहीं राधा

राजपाल ने अपने संदेश में आगे लिखा कि इतना सब कुछ सहने के बाद भी राधा ने परिवार और बच्चों का पूरा ध्यान रखा। उन्होंने बच्चों को पढ़ाया-लिखाया और उन्हें जिंदगी की सीख दी। अभिनेता के मुताबिक, यह सपना उनका था, जिसे पत्नी ने पूरा किया। उन्होंने कहा कि राधा ने आज तक उनसे अपने लिए कुछ भी नहीं मांगा, बल्कि अपना सब कुछ पति, परिवार और बच्चों की खुशियों के लिए न्योछावर कर दिया। यही वजह है कि वह उन्हें अपने परिवार का हीरा मानते हैं और जिंदगी भर उनके आभारी रहेंगे।

चेक बाउंस मामले की पृष्ठभूमि

पिछले दिनों राजपाल यादव एक पुराने चेक बाउंस मामले की वजह से मुश्किलों में रहे। यह मामला वर्ष 2010 की उनकी फिल्म अता पता लापता के लिए दिल्ली की कंपनी मुरली प्रोजेक्ट्स से लिए गए करीब पांच करोड़ रुपये के कर्ज से जुड़ा है। कर्ज की वापसी के लिए दिए गए सात चेक बाउंस हो गए थे, जिसके बाद कंपनी ने अदालत का रुख किया था। शिकायतकर्ता पक्ष के अनुसार वर्ष 2012 में हुए एक समझौते के तहत राजपाल, उनकी पत्नी राधा और उनकी कंपनी ने ब्याज सहित करीब 11 करोड़ रुपये लौटाने पर सहमति दी थी।

सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत

दिल्ली हाईकोर्ट ने 10 जुलाई 2026 को राजपाल को चेक बाउंस के हर मामले के लिए अलग-अलग 1.35 करोड़ रुपये जुर्माना भरने का आदेश दिया था और तीन महीने की जेल की सजा भी सुनाई थी। इसके खिलाफ राजपाल सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर उन्होंने 1.15 करोड़ रुपये डिमांड ड्राफ्ट और 85 लाख रुपये आरटीजीएस के जरिए, कुल दो करोड़ रुपये रजिस्ट्री में जमा कराए। इसके बाद अदालत ने संतोष जताया, मामले को मध्यस्थता के लिए भेजा और ट्रायल कोर्ट को उनका पासपोर्ट उचित शर्तों पर रिलीज करने का निर्देश दिया, ताकि वह पेशेवर कामों के लिए विदेश जा सकें।

कोर्ट में छलका था दर्द

सुनवाई के दौरान राजपाल यादव ने कोर्ट में भावुक होकर कहा था कि उन्होंने अपने करियर में अब तक करीब ढाई सौ फिल्मों में काम किया है, लेकिन इस एक मामले ने उन्हें भारी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि पांच करोड़ रुपये के इस मामले के चक्कर में उनके करीब 22 करोड़ रुपये डूब गए। इस पर मुख्य न्यायाधीश ने हल्के अंदाज में कहा था कि अब कोई अच्छी फिल्म बनाइए और लोगों का मनोरंजन कीजिए। पत्नी के जन्मदिन पर लिखा यह पोस्ट उसी मुश्किल दौर से गुजरने के बाद आया है, इसलिए यह फैंस को और भी ज्यादा भावुक कर रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments