भोपाल। बॉलीवुड अभिनेता और निर्माता सुनील शेट्टी ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस मुलाकात में उनके बेटे अहान शेट्टी की आने वाली फिल्म ‘सनकी’ की शूटिंग और प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। सुनील शेट्टी ने शूटिंग में मिल रहे सहयोग के लिए मुख्यमंत्री और मध्य प्रदेश सरकार का आभार जताया। मुलाकात का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

भोपाल में चल रही है ‘सनकी’ की शूटिंग
फिल्म ‘सनकी’ की शूटिंग 30 अक्टूबर को भोपाल में शुरू हुई थी। कलियासोत व्यू पॉइंट और डैम सहित शहर की कई खूबसूरत लोकेशनों पर शूटिंग चल रही है, जिससे राजधानी में बॉलीवुड की हलचल साफ नजर आ रही है। सुनील शेट्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि अहान की फिल्म की शूटिंग के लिए मुख्यमंत्री और मध्य प्रदेश सरकार जिस तरह से सहयोग कर रही है, उसके लिए वे दिल से धन्यवाद देते हैं। उन्होंने प्रबल प्रताप सिंह तोमर का भी विशेष रूप से शुक्रिया अदा किया और कहा कि इस बार भी वे भोपाल से ढेर सारा प्यार और खूबसूरत यादें लेकर लौट रहे हैं।
2027 में रिलीज होगी ‘सनकी’
फिल्म ‘सनकी’ एक्शन और लव स्टोरी पर आधारित बताई जा रही है। इसमें सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन टीनू सुरेश देसाई कर रहे हैं, जो इससे पहले ‘रुस्तम’ और ‘मिशन रानीगंज’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। फिल्म की कहानी ज्ञानेंद्र वासुदेव ने लिखी है। इसमें रोमांस, गहरे इमोशंस और जबरदस्त एक्शन का मेल देखने को मिलेगा। मेकर्स ने फिल्म को 2027 की पहली छमाही में सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना बनाई है। अहान शेट्टी ने दिसंबर 2021 में रिलीज हुई रोमांटिक एक्शन ड्रामा ‘तड़प’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था, और ‘सनकी’ उनकी अगली बड़ी फिल्म मानी जा रही है।
CM बोले- मध्य प्रदेश फिल्म निर्माण के लिए आदर्श
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने लिखा कि भोपाल निवास पर प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी से सौजन्य भेंट हुई, जिसमें मध्य प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं, पर्यटन को बढ़ावा देने और स्टार्टअप के क्षेत्र में नए अवसरों को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुनील शेट्टी ने मध्य प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और देश के केंद्र में स्थित होने की विशेषता का उल्लेख करते हुए इसे फिल्म निर्माण के लिए आदर्श स्थान बताया।
MP क्यों बन रहा फिल्ममेकर्स की पहली पसंद
मध्य प्रदेश में फिल्मों की शूटिंग करना फिल्ममेकर्स के लिए कई तरह से आसान है। यहां किले, महल, जंगल, नदियां, घाट, गांव और बड़े शहर जैसी कई तरह की लोकेशन एक ही राज्य में मिल जाती हैं, जिससे अलग-अलग जगहों पर जाने की जरूरत कम पड़ती है। सरकार ने शूटिंग की अनुमति आसान बनाने के लिए फिल्म फैसिलिटेशन सेल बनाया है, जिसके जरिए फिल्ममेकर्स सिंगल विंडो सिस्टम से शूटिंग की अनुमति ले सकते हैं। सरकार की कोशिश है कि तय प्रक्रिया के तहत 15 दिनों के अंदर शूटिंग की अनुमति मिल जाए। इसके अलावा प्रदेश की फिल्म पर्यटन नीति 2025 के तहत नियमों और शर्तों को पूरा करने वाली फिल्मों को अधिकतम 2 करोड़ रुपये या फिल्म के कुल बजट का 25 फीसदी तक की आर्थिक सहायता मिल सकती है।
पहले भी MP में शूट हुईं ये बड़ी फिल्में
‘सनकी’ कोई पहली फिल्म नहीं है, जिसकी शूटिंग मध्य प्रदेश में हो रही है। इससे पहले यहां ‘स्त्री’, ‘स्त्री 2’, ‘भूल भुलैया 3’, ‘लापता लेडीज’, ‘डंकी’, ‘कलंक’, ‘पैडमैन’, ‘धड़क 2’, ‘फुकरे 3’, ‘पंगा’, ‘बाजीराव मस्तानी’ और ‘लुका छुपी’ जैसी फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। इसके अलावा ‘पंचायत’, ‘गुल्लक’, ‘कोटा फैक्ट्री’ और ‘द रेलवे मेन’ जैसी लोकप्रिय वेब सीरीज की शूटिंग भी मध्य प्रदेश में हुई है।
स्थानीय लोगों को भी फायदा
फिल्मों की शूटिंग से मध्य प्रदेश को भी सीधा फायदा होता है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलता है। होटल, टैक्सी, खाने-पीने के कारोबार और छोटे दुकानदारों को काम मिलता है। साथ ही, फिल्मों में दिखाई गई जगहों को देखने के लिए दूसरे शहरों से लोग पहुंचते हैं, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है। भोपाल के लोगों के लिए यह फिल्म इसलिए भी खास है, क्योंकि वे अपने ही शहर की खूबसूरत लोकेशनों को बड़े पर्दे पर देख सकेंगे।

