भारतीय बल्लेबाज Shreyas Iyer इन दिनों भले ही क्रिकेट मैदान से दूर हैं लेकिन सोशल मीडिया पर उनकी एक वीडियो ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। इस वीडियो में श्रेयस हेलिकॉप्टर से स्टाइल में उतरते नजर आ रहे हैं। उन्होंने काली शर्ट और सफेद पैंट पहनी हुई है साथ में माथे पर लाल टीका गले में मोटी चेन और खुले कॉलर ने उनके लुक को और भी जबरदस्त बना दिया। फैंस ने इस लुक को ‘सीएम स्टाइल’ का नाम दे दिया है।
कहां हुआ यह जलवा?
ये वायरल वीडियो महाराष्ट्र के पालघर जिले के विरार पश्चिम में स्थित न्यू विवा कॉलेज का है। यहां क्षितिज उत्सव दही हांडी प्रीमियर लीग का आयोजन हुआ था। श्रेयस अय्यर इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। खास बात यह रही कि वे कॉलेज के मैदान में हेलिकॉप्टर से उतरे। उनके स्वागत में तालियों की गड़गड़ाहट हुई और छात्र सेल्फी लेने के लिए पागल हो उठे।
https://twitter.com/i/status/1949680344623710221
‘रॉकस्टार या नेता’ बना सवाल
श्रेयस अय्यर के पहनावे ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। काली शर्ट के खुले बटन सफेद पैंट माथे पर टीका और गले में भारी चेन ने उन्हें रॉकस्टार जैसा लुक दे दिया। सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें मुख्यमंत्री सरपंच साहब और मुंबई का नया राजा तक कह दिया। उनकी स्टाइल और अंदाज ने कॉलेज इवेंट को एक स्टारडम में बदल दिया।
फैंस के बीच दिखा खास लगाव
कॉलेज में श्रेयस अय्यर की एक झलक पाने के लिए छात्रों की भीड़ लग गई। कई छात्र दौड़ते हुए उनके पास पहुंचे ताकि एक सेल्फी मिल जाए। वायरल वीडियो में श्रेयस को हर किसी से हंसते हुए मिलते और तस्वीरें खिंचवाते देखा जा सकता है। उनका आत्मीय व्यवहार भी फैंस के दिल को छू गया।
मैदान में वापसी की उम्मीद
श्रेयस अय्यर को हाल ही में अप्रैल 2025 में बीसीसीआई ने फिर से सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट (ग्रेड बी) में शामिल किया है। पिछले साल वे इस लिस्ट से बाहर हो गए थे। उन्होंने भारत के लिए आखिरी बार चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में खेला था। इसके बाद आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स के कप्तान रहते हुए टीम को फाइनल तक पहुंचाया। मुंबई टी20 लीग में भी उनकी टीम चैंपियन बनी। उनकी हालिया परफॉर्मेंस शानदार रही है और अब इस वायरल वीडियो के बाद फैंस उन्हें फिर मैदान पर देखने के लिए बेताब हैं।

