back to top
Sunday, October 18, 2026
Homeखेलदिल्ली हाफ मैराथन: मटाटा ने तोड़ा कोर्स रिकॉर्ड, अलेमु चैंपियन

दिल्ली हाफ मैराथन: मटाटा ने तोड़ा कोर्स रिकॉर्ड, अलेमु चैंपियन

राजधानी दिल्ली की सड़कों पर रविवार 18 अक्टूबर को दौड़ी वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2026 में केन्या के चार्ल्स मटाटा ने नया कोर्स रिकॉर्ड बनाते हुए पुरुष एलीट वर्ग का खिताब अपने नाम किया, जबकि इथियोपिया की वुडिनेश अलेमु महिला एलीट वर्ग की चैंपियन बनीं। वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल वाले इस प्रतिष्ठित आयोजन में देश-विदेश के करीब 40,000 धावकों ने हिस्सा लिया।

एक सेकंड से टूटा पांच साल पुराना रिकॉर्ड

चार्ल्स मटाटा ने 58 मिनट 52 सेकंड में दौड़ पूरी की। इसके साथ ही उन्होंने इथियोपिया के अमेदेवोर्क वालेलेग्न का वर्ष 2020 में बनाया 58 मिनट 53 सेकंड का कोर्स रिकॉर्ड महज एक सेकंड से तोड़ दिया। यह प्रदर्शन मटाटा का अब तक का सर्वश्रेष्ठ (पर्सनल बेस्ट) भी रहा। इस उपलब्धि के लिए उन्हें विजेता की 27,000 डॉलर (करीब 25.64 लाख रुपये) की पुरस्कार राशि के अलावा रिकॉर्ड तोड़ने पर 12,000 डॉलर (करीब 11.40 लाख रुपये) अतिरिक्त मिलेंगे। दिलचस्प बात यह है कि मटाटा के जुड़वां भाई एलेक्स मटाटा ने वर्ष 2025 में 59 मिनट 50 सेकंड के समय के साथ यही खिताब जीता था।

पुरुष एलीट वर्ग में केन्या का दबदबा

पुरुष एलीट वर्ग में केन्या के धावकों ने शीर्ष तीनों स्थानों पर कब्जा जमाया। चार्ल्स मटाटा पहले स्थान पर रहे, जबकि सैमवेल न्यामाई मेलू ने 59 मिनट 24 सेकंड में दौड़ पूरी कर दूसरा स्थान हासिल किया। स्टेनली वाइथाका म्बुरू 59 मिनट 33 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इस तरह पोडियम पर पूरी तरह केन्याई धावकों का कब्जा रहा।

महिला वर्ग में अलेमु ने मारी बाजी

महिला एलीट वर्ग में इथियोपिया की वुडिनेश अलेमु ने एक घंटा छह मिनट 35 सेकंड में दौड़ पूरी कर खिताब जीता। केन्या की सेलाह बुसिनेई एक घंटा सात मिनट एक सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि सिंथिया चेलंगाट चेपक्वोनी ने एक घंटा सात मिनट 32 सेकंड में दौड़ पूरी कर तीसरा स्थान हासिल किया।

भारतीय वर्ग में शैलेश और अंकिता रहे अव्वल

भारतीय एलीट वर्ग में शैलेश कुशवाहा ने एक घंटा पांच मिनट पांच सेकंड के समय के साथ पुरुष वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। गौरव माथुर एक घंटा पांच मिनट 11 सेकंड के साथ दूसरे और हेमंत कुमार एक घंटा पांच मिनट 37 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे। भारतीय महिला एलीट वर्ग में अंकिता ध्यानी ने एक घंटा 12 मिनट 46 सेकंड में दौड़ पूरी कर शीर्ष स्थान हासिल किया। सोनिया एक घंटा 14 मिनट 56 सेकंड के साथ दूसरे और भागीरथी एक घंटा 15 मिनट 51 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

कुल पुरस्कार राशि और भव्य आयोजन

वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2026 में कुल 2,75,732 डॉलर की पुरस्कार राशि रखी गई थी। पुरुष और महिला एलीट वर्ग के विजेताओं को 27,000-27,000 डॉलर दिए गए, जबकि भारतीय एलीट पुरुष और महिला वर्ग में शीर्ष तीन स्थान हासिल करने वाले धावकों को क्रमशः 3.50 लाख, 2.50 लाख और 1.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। इस प्रतिष्ठित दौड़ को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और वेदांता ग्रुप के सीईओ अरुण मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर वाइस एडमिरल अतुल आनंद भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में एलीट हाफ मैराथन के अलावा मास पार्टिसिपेशन हाफ मैराथन, पुलिस कप, चैंपियंस विद डिसेबिलिटी, सीनियर सिटिजन्स रन, ओपन 10 हजार और ग्रेट दिल्ली रन जैसी श्रेणियों की दौड़ें भी हुईं। बॉक्सिंग की दिग्गज मैरी कॉम, बैडमिंटन पैरालंपिक चैंपियन प्रमोद भगत और टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति ने भी इस आयोजन को अपना समर्थन दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments