Gold:सोमवार को मांग में कमी की वजह से सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई. ऑल इंडिया बुलियन एसोसिएशन के अनुसार दिल्ली के बुलियन मार्केट में 99.9 प्रतिशत शुद्ध सोना 300 रुपये सस्ता होकर 1,32,600 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया. पिछले सप्ताह शुक्रवार को इसका भाव 1,32,900 रुपये प्रति दस ग्राम था. लगातार कई दिनों से सोने की कीमतों में स्थिरता बनी हुई थी लेकिन इस बार मांग में कमजोरी की वजह से हल्की गिरावट देखने को मिली.
चांदी की कीमतें लगातार दूसरे दिन उछलीं
सोने के मुकाबले चांदी की कीमतों में आज भी मजबूती देखने को मिली. सोमवार को दिल्ली में चांदी 1500 रुपये महंगी होकर 1,85,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई. पिछले शुक्रवार को भी चांदी में बढ़त दर्ज की गई थी जहां इसका भाव 1,83,500 रुपये प्रति किलोग्राम रहा था. लगातार दो दिन की तेजी ने निवेशकों का रुझान चांदी की ओर बढ़ाया है.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना रहा मजबूत
वैश्विक स्तर पर स्पॉट गोल्ड में हल्की तेजी दर्ज की गई. अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 0.18 प्रतिशत बढ़कर 4205.26 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था. मिराए एसेट शेयरखान के कमोडिटी प्रमुख प्रवीन सिंह ने बताया कि फेडरल रिजर्व की 10 दिसंबर को होने वाली मौद्रिक नीति बैठक से पहले सोने में भारी उतार चढ़ाव देखने को मिला और यह लगभग 4210 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर था. उन्होंने कहा कि वैश्विक अनिश्चितता की वजह से सोने में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ रही है.
डिजिटल गोल्ड की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है
पीएल वेल्थ मैनेजमेंट के सीईओ इंदरबीर सिंह जॉली ने कहा कि वैश्विक बाजार की अनिश्चितताओं के बीच सोना एक मजबूत एसेट क्लास बनता जा रहा है. उन्होंने बताया कि दुनिया भर के सेंट्रल बैंक लगातार सोना खरीद रहे हैं और निवेशक भी महंगाई से बचाव के लिए सोने को प्राथमिकता दे रहे हैं. जॉली ने कहा कि डिजिटल गोल्ड में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है और लोगों को अब सोने को दीर्घकालिक रणनीतिक संपत्ति के रूप में देखने की समझ बढ़ रही है.
स्पॉट सिल्वर में हल्की बढ़त
स्पॉट सिल्वर में भी मामूली तेजी देखने को मिली. यह 58.41 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था. शुक्रवार को स्पॉट सिल्वर 2.2 डॉलर यानी 3.84 प्रतिशत उछलकर 59.33 डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था और बाद में 58.39 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ. चांदी की इस तेज चाल ने बाजार में एक बार फिर चमक लौटाई है

