back to top
Wednesday, November 25, 2026
Homeव्यापारफूटी कोठी: कांग्रेस ने फिर लगवाई सब्जी मंडी, नेताओं ने खुद बेची...

फूटी कोठी: कांग्रेस ने फिर लगवाई सब्जी मंडी, नेताओं ने खुद बेची सब्जी

इंदौर। फूटी कोठी क्षेत्र में नगर निगम द्वारा तीन दिन पहले हटाई गई सब्जी मंडी को कांग्रेस नेताओं ने मंगलवार को फिर से लगवा दिया। कांग्रेस नेता सुबह से ही फूटी कोठी चौराहे पर पहुंचे और सर्विस रोड पर बीते दिनों तक दुकान लगाने वाले सब्जी विक्रेताओं को बुलाकर मंडी को फूटी कोठी फ्लाईओवर के बोगदों में सजा दिया। कांग्रेस नेता खुद भी सब्जी वालों के साथ सब्जी बेचते दिखे। सुबह से शाम तक दुकानें लगी रहीं।

इंदौर शहर कांग्रेस के अध्यक्ष चिंटू चौकसे एवं नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट कार्यकर्ताओं के साथ सब्जी वालों के पास पहुंचे थे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महापौर ने खुद घोषणा की थी कि ब्रिज के बोगदों के नीचे सब्जी की दुकानें लगेंगी। अब उन बोगदों की जगह को निजी लोगों को किराए पर देना चाहते हैं। इसलिए गरीब सब्जी वालों को हटाया जा रहा है।

महापौर के पुराने वीडियो का हवाला

कांग्रेस नेताओं ने 2025 में इस संबंध में महापौर के मीडिया में दिए बयान का वीडियो भी जारी किया। चौकसे ने कहा कि जब महापौर ने यह घोषणा कर दी थी कि इन सब्जी विक्रेताओं को पुल के नीचे जगह दी जाएगी तो फिर उसका क्रियान्वयन क्यों नहीं हुआ। उन्होंने सवाल किया कि जब अधिकारियों के द्वारा इन सब्जी विक्रेताओं की दुकान हटाकर उन्हें चंदन नगर में जाने के लिए मजबूर किया जा रहा है तो इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव कौन सी मजबूरी में चुप बैठे हुए हैं।

क्या अधिकारी महापौर की बात नहीं सुन रहे?

चौकसे ने कहा कि क्या इंदौर नगर निगम के अधिकारी एक बार फिर महापौर की बात नहीं सुन रहे हैं। उधर मंगलवार सुबह जब विक्रेताओं ने फिर से चौराहे के पास तिरपाल बिछाकर दुकानें लगानी शुरू कीं तो निगम की ओर से घोषणा वाहन के जरिए चेतावनी दी गई कि वे केवल निगम द्वारा तय वैकल्पिक स्थान पर ही दुकान लगाएं। स्थानीय निवासियों ने भी चौराहे के पास मंडी लगाने का विरोध किया, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

वैकल्पिक जगह से विक्रेताओं का इनकार

विक्रेता पिछले कई दिनों से पुल के नीचे जगह की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। निगम ने उन्हें पास में ही वैकल्पिक जगह आवंटित की है, लेकिन विक्रेताओं ने उस व्यवस्था को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। मंगलवार को भी वे अपनी पुरानी जगह पर ही दुकान लगाने पर अड़े रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments