इंदौर के फूटी कोठी चौराहे से नगर निगम द्वारा हटाई गई सब्जी मंडी मंगलवार सुबह फिर से लगने जा रही है। सब्जी और फल विक्रेताओं ने ऐलान किया है कि वे सुबह 10 बजे से सड़क किनारे टाट-पट्टी बिछाकर अपना सामान बेचेंगे। इस बार वे ठेलों का इस्तेमाल नहीं करेंगे, बल्कि जमीन पर टाट-पट्टी बिछाकर सब्जियां बेचने की तैयारी में हैं। शहर कांग्रेस ने विक्रेताओं को खुला समर्थन देते हुए कहा है कि वह इस लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी। इस पूरे विवाद में करीब 450 परिवारों की रोजी-रोटी का सवाल उठ खड़ा हुआ है।

शनिवार को निगम ने हटाई थी पूरी मंडी
विवाद की शुरुआत शनिवार को हुई थी, जब नगर निगम की रिमूवल टीम फूटी कोठी चौराहे के पास लंबे समय से लग रही सब्जी मंडी को हटाने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों ने विक्रेताओं के ठेले और दुकानों का सामान भी जब्त कर लिया था। उस समय नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट मौके पर पहुंचीं और कार्रवाई का विरोध किया। वह व्यापारियों के साथ सड़क पर बैठ गईं और हाथ जोड़कर उनकी रोजी-रोटी बचाने की गुहार लगाई, लेकिन निगम की टीम पीछे नहीं हटी। विवाद बढ़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और मिमरोट को प्रदर्शन स्थल से हटाकर एक तरफ कर दिया गया।
तीन दिन से जारी है विरोध, निगम मुख्यालय का घेराव
शनिवार की कार्रवाई के बाद से ही सब्जी विक्रेता विरोध कर रहे हैं। रविवार को कांग्रेस नेताओं ने सड़क पर उतरकर कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। सोमवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट, कांग्रेस पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने सब्जी विक्रेताओं के साथ नगर निगम मुख्यालय का घेराव किया और ज्ञापन सौंपा। समाजसेवी प्रहलाद पांडेय भी विक्रेताओं के समर्थन में अनशन पर बैठे हैं। कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर और संभागायुक्त से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।
450 परिवारों के रोजगार पर संकट का दावा
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि निगम की कार्रवाई से करीब 450 परिवारों के रोजगार पर असर पड़ा है। इन विक्रेताओं की रोजाना होने वाली कमाई से ही परिवार का खर्च चलता है और बच्चों की पढ़ाई होती है। ऐसे में मंडी हटने से उनके सामने घर चलाने का संकट खड़ा हो गया है। सब्जी और फल विक्रेताओं का कहना है कि वे कई सालों से फूटी कोठी चौराहे के पास कारोबार कर रहे हैं। उनका दावा है कि ब्रिज निर्माण के समय महापौर ने ब्रिज के नीचे ही सब्जी मंडी लगाने की बात कही थी। अब उन्हें दूसरी जगह दुकान लगाने के लिए कहा जा रहा है, लेकिन विक्रेताओं का तर्क है कि नई जगह पर ग्राहक नहीं पहुंचेंगे और उनका कारोबार प्रभावित होगा। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा है कि नगर निगम ने भले ही विक्रेताओं के ठेले और सामान जब्त कर लिया हो, लेकिन कांग्रेस उनके समर्थन में मंगलवार को फिर मंडी लगवाएगी। अब देखना होगा कि मंडी दोबारा लगने पर नगर निगम और जिला प्रशासन क्या रुख अपनाते हैं।

