back to top
Tuesday, November 24, 2026
Homeखेलमहिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: आज शाम भोपाल में भारत-चीन महामुकाबला

महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: आज शाम भोपाल में भारत-चीन महामुकाबला

भोपाल। मध्य प्रदेश में खेली जा रही महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में मंगलवार को भारतीय महिला हॉकी टीम के सामने अब तक की सबसे बड़ी चुनौती होगी। नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शाम 7 बजे भारत का मुकाबला चीन से होगा। लगातार तीन जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर चल रही भारतीय टीम इस मैच में जीत दर्ज कर अपने विजय अभियान को जारी रखना चाहेगी, जबकि चीन भी अंक तालिका में अपनी स्थिति सुधारने के इरादे से मैदान में उतरेगा।

महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: आज शाम भोपाल में भारत-चीन महामुकाबला

तीन जीत के साथ शीर्ष पर भारत

भारतीय टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत शानदार अंदाज में की है। टीम ने मलेशिया, दक्षिण कोरिया और थाईलैंड को हराकर लगातार तीन जीत दर्ज की हैं और 9 अंक हासिल कर लिए हैं। इन तीन मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 11 गोल किए हैं, जबकि डिफेंस भी बेहद मजबूत नजर आया है। लगातार तीन जीत के दम पर भारत ने सेमीफाइनल में अपनी जगह भी पक्की कर ली है। जापान भी तीन मुकाबलों में तीन जीत के साथ 9 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है, इसलिए चीन के खिलाफ जीत भारत की शीर्ष स्थान पर पकड़ को और मजबूत कर देगी।

थाईलैंड के खिलाफ दीपिका की हैट्रिक

भारत ने अपने तीसरे मुकाबले में रविवार को थाईलैंड को 7-0 से करारी शिकस्त दी थी। इस मैच में दीपिका ने 10वें, 11वें और 56वें मिनट में गोल करके हैट्रिक पूरी की, जबकि नवनीत कौर ने दो गोल किए। मुमताज खान और सुनेलिता टोप्पो ने भी एक-एक गोल करके टीम की बड़ी जीत में योगदान दिया। यह जीत भारतीय टीम के आत्मविश्वास को और बढ़ाने वाली रही, क्योंकि टीम ने पूरे मैच में थाईलैंड को एक भी मौका नहीं दिया।

चीन से होगी असली परीक्षा

चीन के खिलाफ मुकाबले को भारतीय टीम की असली परीक्षा माना जा रहा है। विश्व रैंकिंग में चीन चौथे स्थान पर है, जबकि भारत सातवें स्थान पर है। ओलिंपिक पदक विजेता चीन ने इस टूर्नामेंट में अब तक एक जीत, एक ड्रॉ और एक हार के साथ 4 अंक हासिल किए हैं और वह तीसरे स्थान पर है। चीन को कमजोर आंकना भारतीय टीम के लिए बड़ी गलती साबित हो सकती है, क्योंकि उसके पास अंतरराष्ट्रीय अनुभव और विश्व रैंकिंग का फायदा है।

दीपिका की ड्रैग फ्लिक पर रहेंगी नजरें

मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी के कोच और पूर्व ओलिंपियन समीर दाद के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय अनुभव और विश्व रैंकिंग के लिहाज से चीन मजबूत प्रतिद्वंद्वी है, हालांकि भारतीय टीम में उसे हराने की क्षमता है। उनके मुताबिक पेनल्टी कॉर्नर के दौरान दीपिका की ड्रैग फ्लिक मुकाबले का रुख बदल सकती है, क्योंकि महिला हॉकी में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलना आसान नहीं होता। इसके अलावा नवनीत कौर का अनुभव और कप्तान सलीमा टेटे का नेतृत्व भी भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण रहेगा।

आज के मुकाबलों का शेड्यूल

मंगलवार को टूर्नामेंट में कुल तीन मुकाबले खेले जाएंगे। दोपहर 2:30 बजे दक्षिण कोरिया का सामना थाईलैंड से होगा, जबकि शाम 4:45 बजे मलेशिया और जापान आमने-सामने होंगे। दिन का सबसे बड़ा मुकाबला शाम 7 बजे भारत और चीन के बीच खेला जाएगा, जिस पर हॉकी प्रेमियों की नजरें टिकी रहेंगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments