मोहाली। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट ग्रुप-सी के मुकाबले में मध्य प्रदेश को मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के हाथों करारी हार झेलनी पड़ी। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में खेले गए मैच में हिमाचल ने मध्य प्रदेश को 9 विकेट से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला करने वाली हिमाचल की टीम ने मध्य प्रदेश को 15.5 ओवर में महज 126 रन पर समेट दिया, जिसके बाद लक्ष्य को केवल 9.2 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया।
![]()
शिवांग कुमार के 41 रन के अलावा कोई नहीं टिका
पहले बल्लेबाजी करने उतरी मध्य प्रदेश की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज हर्ष गवली महज 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि अंकुश सिंह ने 17 गेंदों पर 25 रन की तेज पारी खेली। इसके बाद शिवांग कुमार ने 16 गेंदों पर 4 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 41 रन बनाए, जो टीम का सर्वोच्च स्कोर रहा। कप्तान रजत पाटीदार 10 गेंदों पर 15 रन ही बना सके। अनिकेत वर्मा ने 18 और राहुल बाथम ने 17 रन का योगदान दिया, लेकिन इसके अलावा कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सका। टीम एक समय 118 रन पर 5 विकेट के साथ सम्मानजनक स्कोर की ओर बढ़ रही थी, लेकिन इसके बाद महज 8 रन के भीतर आखिरी 5 विकेट गिर गए और पूरी टीम 126 रन पर ऑल आउट हो गई।
हिमाचल के गेंदबाजों ने कसा शिकंजा
हिमाचल की गेंदबाजी में मृदुल सुरोच सबसे किफायती रहे। उन्होंने 2 ओवर में केवल 9 रन देकर 2 विकेट झटके। आर्यमन सिंह ने 2.5 ओवर में 15 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि हर्षित सांडल ने 4 ओवर में 27 रन देकर 2 बल्लेबाजों को आउट किया। आयुष जमवाल ने 3 ओवर में 34 रन देकर 1 विकेट लिया और रोहित कुमार को भी 1 सफलता मिली। हिमाचल के गेंदबाजों ने मध्य प्रदेश के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका ही नहीं दिया, जिसका नतीजा यह रहा कि टीम 20 ओवर भी नहीं खेल सकी।
जमवाल-वैभव ने 9.2 ओवर में खत्म किया मैच
127 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हिमाचल के सलामी बल्लेबाजों ने तूफानी शुरुआत की। आयुष जमवाल ने 27 गेंदों पर 7 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 58 रन बनाए, जबकि वैभव शर्मा ने 23 गेंदों पर 4 चौकों और 6 छक्कों के साथ 58 रन ठोके। दोनों ने पहले विकेट के लिए 109 रन की साझेदारी की, जो 7.3 ओवर में टूटी जब वैभव शर्मा कुमार कार्तिकेय की गेंद पर आउट हुए। यह मध्य प्रदेश की इकलौती सफलता रही। इसके बाद नेहाल वधेरा ने 6 गेंदों पर नाबाद 7 रन बनाकर टीम को 64 गेंद बाकी रहते जीत दिला दी। आयुष जमवाल को उनके नाबाद अर्धशतक और 1 विकेट के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
अंक तालिका पर असर, अगला मुकाबला पुडुचेरी से
इस हार से पहले मध्य प्रदेश ने अपने पांच में से चार मैच जीते थे। टीम ने केरल, असम, त्रिपुरा और महाराष्ट्र को हराया था, जबकि आंध्र प्रदेश से हार का सामना करना पड़ा था। हिमाचल से मिली इस हार के बाद मध्य प्रदेश के अब 6 मैचों में 4 जीत और 2 हार हो गई हैं। टीम को नॉकआउट की दौड़ में बने रहने के लिए अपने बचे हुए मैच जीतने होंगे। मध्य प्रदेश का अगला मुकाबला 26 नवंबर को पुडुचेरी से होगा।

