आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट अब सिर्फ दूसरी कंपनियों के मॉडल पर निर्भर नहीं रहना चाहती। कंपनी ने एडवांस एआई मॉडल की ट्रेनिंग के लिए ‘रॉकेट’ नाम का अपना इन-हाउस सिस्टम तैयार किया है। इसकी मदद से एआई मॉडल को कई हफ्तों या महीनों तक लगातार ट्रेन किया जा सकेगा। माइक्रोसॉफ्ट का दावा है कि यह सिस्टम बड़े पैमाने पर एआई ट्रेनिंग को ज्यादा स्थिर और बेहतर बनाने में मदद करेगा। कंपनी का यह कदम एआई की दौड़ में उसे और मजबूत स्थिति में ला सकता है।

क्या है माइक्रोसॉफ्ट का रॉकेट सिस्टम?
रॉकेट माइक्रोसॉफ्ट का अपना रीइन्फोर्समेंट लर्निंग (आरएल) फ्रेमवर्क है। इसका इस्तेमाल एआई मॉडल को ट्रेनिंग के बाद और बेहतर बनाने के लिए किया जाता है। इस प्रक्रिया में मॉडल को किसी काम को करने की कोशिश करने, उसके नतीजे से सीखने और समय के साथ अपने जवाब सुधारने का मौका मिलता है। माइक्रोसॉफ्ट एआई के मुताबिक, रॉकेट को इस तरह तैयार किया गया है कि यह हजारों जीपीयू पर कई हफ्तों या महीनों तक चलने वाली ट्रेनिंग को संभाल सके। कंपनी का कहना है कि इतने लंबे समय तक ट्रेनिंग चलाने में छोटी-छोटी तकनीकी गड़बड़ियां और कंप्यूटिंग से जुड़ी कमियां भी समय के साथ बड़ी समस्या बन सकती हैं, और रॉकेट को इन्हीं चुनौतियों से निपटने के लिए बनाया गया है।
3 ट्रिलियन पैरामीटर वाले मॉडल पर हो रहा काम
माइक्रोसॉफ्ट अपने तीन ट्रिलियन पैरामीटर वाले बेस एआई मॉडल MAi Base 2 को ट्रेन करने के लिए रॉकेट का इस्तेमाल कर रही है। कंपनी के अनुसार, इस मॉडल को रीइन्फोर्समेंट लर्निंग के जरिए बेहतर बनाया जा रहा है। इसमें किसी दूसरी कंपनी के एआई मॉडल से ज्ञान लेकर उसे ट्रांसफर करने, यानी डिस्टिलेशन की प्रक्रिया का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। इसका मतलब है कि माइक्रोसॉफ्ट अपने मॉडल को शुरुआती बेस स्टेज से ही खुद ट्रेन और बेहतर करने की दिशा में काम कर रही है, जिससे कंपनी को मॉडल की क्षमताओं और ट्रेनिंग प्रक्रिया पर ज्यादा नियंत्रण मिल सकता है।
हजारों GPU पर महीनों तक ट्रेनिंग क्यों है मुश्किल?
एआई मॉडल को लंबे समय तक ट्रेन करना आसान नहीं है। जब हजारों जीपीयू लगातार कई हफ्तों या महीनों तक काम करते हैं तो इस दौरान हार्डवेयर फेल होने, ट्रेनिंग में देरी और कैलकुलेशन में अंतर जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। उदाहरण के लिए, ट्रेनिंग के दौरान किसी जीपीयू में खराबी आने पर पूरा सिस्टम प्रभावित हो सकता है। इसी तरह मॉडल की ट्रेनिंग और उसके जवाब तैयार करने वाले सिस्टम में गणना का थोड़ा-सा अंतर भी लंबे समय में सीखने की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है। रॉकेट को इन समस्याओं को कम करने के लिए डिजाइन किया गया है। यह हार्डवेयर में खराबी आने पर ट्रेनिंग को रिकवर करने, कंप्यूटिंग संसाधनों में बदलाव करने और पूरी प्रक्रिया को शुरुआत से दोबारा चलाए बिना काम जारी रखने में मदद कर सकता है। माइक्रोसॉफ्ट ने सिस्टम में ऐसी तकनीक भी जोड़ी है, जिससे मॉडल की ट्रेनिंग और जवाब तैयार करने वाले सिस्टम के बीच गणना में एकरूपता बनी रहे।
Claude Opus 4.8 को पीछे छोड़ने का दावा
माइक्रोसॉफ्ट एआई का कहना है कि रॉकेट की मदद से उसके मॉडल ने कई सार्वजनिक और निजी टेस्ट को मिलाकर तैयार किए गए एक रीजनिंग बेंचमार्क पर बेहतर प्रदर्शन किया है। कंपनी के मुताबिक, उसका मॉडल इस बेंचमार्क पर Claude Opus 4.8 से आगे निकल चुका है। साथ ही, कंपनी आने वाले हफ्तों में GPT-5.6 Sol को भी पीछे छोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रही है। हालांकि, यह तुलना माइक्रोसॉफ्ट की ओर से साझा किए गए बेंचमार्क के आधार पर है और अलग-अलग एआई मॉडल की क्षमता का आकलन उनके टेस्ट, टास्क और इस्तेमाल किए गए तरीकों पर निर्भर करता है।
एआई को सस्ता और बेहतर बनाने पर फोकस
माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला ने भी एआई को कम लागत में ज्यादा प्रभावी बनाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य हर डॉलर के खर्च पर बेहतर नतीजे हासिल करना है। इसके लिए माइक्रोसॉफ्ट मॉडल की प्री-ट्रेनिंग, रीइन्फोर्समेंट लर्निंग और कम टोकन इस्तेमाल करने वाली तकनीकों पर काम कर रही है। नडेला के मुताबिक, एआई मॉडल और उनसे जुड़े प्रोडक्ट को साथ विकसित करने से उनकी परफॉर्मेंस बेहतर की जा सकती है और इससे मिलने वाला फायदा ग्राहकों तक भी पहुंचाया जा सकेगा। उन्होंने यह भी साफ किया कि माइक्रोसॉफ्ट दूसरी कंपनियों के एआई मॉडल इस्तेमाल करने के लिए खुली है। फिलहाल कंपनी रॉकेट को और बेहतर बनाने पर काम कर रही है, ताकि ज्यादा लंबे ट्रेनिंग सेशन, मुश्किल एआई टास्क और बड़े मॉडल को संभाला जा सके।

