नई दिल्ली। स्मार्टफोन की दुनिया में अब एक नया बदलाव देखने को मिल रहा है। अभी तक बड़ी स्क्रीन चाहिए तो फोल्डेबल फोन ही एकमात्र विकल्प माना जाता था, लेकिन हुआवेई ने इस सोच को बदलने की कोशिश की है। कंपनी ने दुनिया का पहला नॉन-फोल्डेबल वाइड स्क्रीन स्मार्टफोन हुआवेई ओएसटीए ओ1 प्रो लॉन्च कर दिया है। फोन की प्री-बुकिंग चीन में शुरू हो चुकी है।

16:9.5 आस्पेक्ट रेश्यो वाली डिस्प्ले
इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी डिस्प्ले है। इसमें 6.39 इंच की 1.5K एलटीपीएस फ्लैट डिस्प्ले दी गई है, जिसका आस्पेक्ट रेश्यो 16:9.5 है। कंपनी ने इसे नॉन-फोल्डेबल वाइड स्क्रीन स्मार्टफोन के रूप में पेश किया है। फोन का डिजाइन भी आम स्मार्टफोनों से अलग है — पीछे की तरफ हॉरिजॉन्टल डुअल कैमरा मॉड्यूल दिया गया है और बैक पैनल पर ओएसटीए का लोगो मिलता है। यह स्मार्टफोन स्टारी ब्लैक, नेबुला व्हाइट और स्टारबर्स्ट पर्पल रंगों में उपलब्ध होगा।
200MP कैमरा और पेरिस्कोप लेंस
कैमरा सेटअप भी इस फोन की बड़ी ताकत है। इसके रियर पैनल पर 200 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा दिया गया है, जो 1/1.28-इंच आरवाईवाईबी सेंसर के साथ आता है। इसके साथ 50 मेगापिक्सल का 3.7x आरवाईवाईबी पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा भी मिलता है। फोन में रेड मेपल लेंस भी दिया गया है, जो रंगों को और सटीक बनाने में मदद करता है।
किरिन 9030S और हार्मनीओएस 7
फोन में हुआवेई का इनहाउस किरिन 9030S चिपसेट दिया गया है। कंपनी ने इसे अलग-अलग रैम और स्टोरेज विकल्पों में पेश किया है — 12GB रैम के साथ 256GB और 512GB स्टोरेज, और 16GB रैम के साथ 512GB और 1TB स्टोरेज। फोन में हार्मनीओएस 7 एआई पायनियर एडिशन दिया गया है, जिसे कंपनी हार्मनीओएस एआई फोन बता रही है। इसमें सिस्टम लेवल पर एआई फीचर्स मिलेंगे, और चिपसेट को हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर, चिप और क्लाउड के बीच बेहतर तालमेल के लिए डिजाइन किया गया है।
7000mAh बैटरी और कीमत
फोन में 7000mAh की दमदार बैटरी दी गई है, जिसके साथ 66W वायर्ड चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है। फोन में वायरलेस चार्जिंग की सुविधा भी दी गई है। कीमत की बात करें तो 12GB रैम + 256GB स्टोरेज वेरिएंट की शुरुआती कीमत 5,499 युआन रखी गई है, जो भारतीय करेंसी में करीब 76,500 रुपये होती है। 12GB + 512GB वेरिएंट 6,499 युआन (करीब 90,330 रुपये), 16GB + 512GB वेरिएंट 7,299 युआन (करीब 1,01,458 रुपये) और 16GB + 1TB वेरिएंट 8,799 युआन (करीब 1,22,309 रुपये) में मिलेगा। कंपनी फिलहाल सभी वेरिएंट पर 200 युआन (करीब 2,780 रुपये) की छूट दे रही है। भारतीय बाजार में इस फोन की लॉन्चिंग को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है, इसलिए देखना होगा कि कंपनी इसे चीन के बाहर दूसरे बाजारों में कब पेश करती है।

