नई दिल्ली। साइबर फ्रॉड से निपटने के लिए आईटी कंपनी ब्लू क्लाउड सॉफ्टेक सॉल्यूशंस लिमिटेड ने एक नई एआई टेक्नोलॉजी लॉन्च की है। कंपनी ने अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में यह जानकारी दी है। इस सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह बिना इंटरनेट के भी पुलिस और सरकारी हेल्पलाइन पर काम कर सकता है। कंपनी के इस ऐलान के बाद शेयर बाजार में उसके शेयर में तेजी भी दिखी।

कंपनी ने बीएसई को दी जानकारी में बताया कि उसने BluVaani (द सोवरेन एआई कॉल डिस्पैचर) को कमर्शियल तौर पर लॉन्च कर दिया है। यह भारत में विकसित एक एआई आधारित कॉल डिस्पैचर है, जिसे खासतौर पर पुलिस हेल्पलाइन, सरकारी एजेंसियों और पब्लिक सर्विस हेल्पलाइन के लिए तैयार किया गया है। कंपनी के मुताबिक यह भारत के शुरुआती ऐसे स्वदेशी एआई कॉल डिस्पैचर समाधानों में शामिल है, जो बिना इंटरनेट के काम कर सकते हैं।
क्या है BluVaani, कैसे काम करेगा
BluVaani को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह पूरी तरह संबंधित विभाग के अपने सर्वर और परिसर में काम करता है। इसके लिए इंटरनेट कनेक्शन की जरूरत नहीं होती और कॉल से जुड़ा डेटा किसी बाहरी क्लाउड सर्वर पर नहीं भेजा जाता। यह टेक्नोलॉजी कंपनी के Access Genie प्लेटफॉर्म का हिस्सा है और इसे BlueEdge सर्वर पर चलाया जाता है।
इससे पुलिस और सरकारी विभाग अपने डेटा, अपने तकनीकी सिस्टम और उससे जुड़े फैसलों पर पूरा नियंत्रण रख सकते हैं। साइबर फ्रॉड की शिकायतों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी विभाग के अपने सिस्टम में ही सुरक्षित रहती है, जो इस तकनीक की सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है।
शिकायतकर्ता की जानकारी विभाग के पास ही रहेगी
ब्लू क्लाउड के मुताबिक BluVaani को इस तरह बनाया गया है कि शिकायतकर्ताओं की संवेदनशील जानकारी विभाग के अपने सिस्टम में ही सुरक्षित रहे। पायलट प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद सभी कॉल रिकॉर्डिंग और बातचीत के लिखित रिकॉर्ड संबंधित पुलिस विभाग को औपचारिक रूप से सौंप दिए गए। कंपनी और उसके टेक्नोलॉजी पार्टनर ने इनकी कोई कॉपी अपने पास नहीं रखी। इसके बाद विभाग की अनुमति से वहां लगाया गया सर्वर भी हटा दिया गया।
डेटा सुरक्षा को लेकर यह तरीका सरकारी विभागों के लिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि पुलिस हेल्पलाइन पर आने वाली कॉलों में लोगों की निजी और संवेदनशील जानकारी होती है। ऑन-प्रेमिसेस मॉडल से यह जानकारी बाहरी सर्वर तक पहुंचे बिना विभाग के नियंत्रण में रहती है।
ऐलान के बाद शेयर में तेजी
कंपनी के इस ऐलान का असर शेयर बाजार में भी दिखा। सुबह 10:53 बजे तक एनएसई पर स्टॉक 1.40 फीसदी यानी 0.22 रुपये चढ़कर 15.95 रुपये पर ट्रेड कर रहा था, जबकि बीएसई पर स्टॉक 0.38 फीसदी यानी 0.06 रुपये चढ़कर 15.92 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों के बीच बिना इंटरनेट काम करने वाले इस स्वदेशी एआई सिस्टम को सरकारी हेल्पलाइनों के लिए एक अहम समाधान के तौर पर देखा जा रहा है।

