भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक अहम बैठक के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने की प्रक्रिया पर ही सवाल खड़े कर दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होता ही नहीं, दिल्ली से सीधे आदेश जारी कर दिए जाते हैं।

बैठक में निगम-मंडल के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और सदस्यों के साथ राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने बैठक में अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और कार्यकर्ताओं को जनता तक योजनाएं पहुंचाने का आह्वान किया।
सीएम ने कांग्रेस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सत्ता हासिल करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाती है। दूसरों पर आरोप लगाने वाली कांग्रेस को पहले अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समाज में विद्वेष फैलाकर सत्ता प्राप्त करना चाहती है और पार्टी के इन हथकंडों को जनता के सामने उजागर करना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
पटवारी के बयानों का जवाब माना जा रहा है
मुख्यमंत्री के इस बयान को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर जवाबी हमला माना जा रहा है। पटवारी समय-समय पर मुख्यमंत्री की नियुक्ति और सरकार के कामकाज को लेकर टिप्पणियां करते रहते हैं। अब मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चयन की प्रक्रिया पर ही सवाल उठाकर पटवारी को कठघरे में खड़ा कर दिया है। राज्य की भाजपा सरकार और संगठन इन दिनों कांग्रेस पर आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं, जिसकी कमान खुद मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने संभाली है।
रोजगार और जनकल्याण पर जोर
मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि मध्य प्रदेश सरकार वर्तमान में रोजगार के सबसे अधिक अवसर खड़े करने वाला राज्य है। भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के मुताबिक गरीब, युवा, महिला और किसान के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए काम कर रही है। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
सेवा दूत अभियान से जनता तक पहुंचने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने सभी से आह्वान किया कि सेवा दूत अभियान के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने स्थानीय समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में युवाओं को जोड़कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया।

