रणबीर कपूर और यश की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने शनिवार को फिल्म को जारी किया गया सेंसर सर्टिफिकेट रद्द करने और इसकी स्क्रीनिंग पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है। संगठन का आरोप है कि फिल्म के निर्माताओं ने राक्षस राजा रावण का महिमामंडन करने की दुर्भावनापूर्ण कोशिश की है।

VHP के महासचिव बजरंग लाल बागड़ा ने कहा कि फिल्म महर्षि वाल्मीकि की तरफ से वर्णित मूल रामायण के कई तथ्यों को तोड़कर पेश करती है, उसमें गढ़ी गई घटनाएं शामिल की गई हैं और रामायण के कई अहम पात्रों को जानबूझकर हटा दिया गया है। संगठन का कहना है कि हिंदुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने की ऐसी कोशिशों को समाज कभी भी स्वीकार नहीं करेगा।
रावण के महिमामंडन का आरोप
बागड़ा ने आरोप लगाया कि फिल्म अहंकारी राक्षस राजा रावण को पीड़ितों के दुख का अंत करने वाले व्यक्तित्व के तौर पर पेश करके एक राजनीतिक चर्चा गढ़ने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि रावण ज्ञान, भक्ति और शक्ति के शिखर पर पहुंचने के बावजूद अनैतिक था। उसने अपनी ताकत के मद में चूर होकर ब्रह्मांड के हर जीव को डराया और धमकाया, उसका उत्पीड़न किया। बागड़ा ने कहा कि अभी तक बने रामायण के हर एक वर्जन में रावण के इस व्यक्तित्व का साफ तौर पर जिक्र किया गया है।
VHP महासचिव ने अपने बयान में कहा कि फिल्म भगवान राम के एक अरब से ज्यादा हिंदू श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर एक राजनीतिक चर्चा को बढ़ावा देने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म ने भगवान राम और रामायण में गहरी आस्था रखने वाले लाखों हिंदुओं की भावनाओं को आहत किया है।
कौन से प्रसंग छूटे, क्या कहा बागड़ा ने
बागड़ा ने कहा कि फिल्म में अहिल्या उद्धार, निषादराज गुहा के साथ दोस्ती और केवट की भक्ति जैसे प्रसंगों का जिक्र नहीं किया गया है, जबकि ये सभी पात्र भगवान राम के सार्वभौमिक चरित्र के अभिन्न अंग हैं। उन्होंने कहा कि इसके बजाय भगवान राम के उस महान अभियान को पत्नी के अपहरण का बदला लेने से प्रेरित व्यक्तिगत संघर्ष के रूप में दिखाया गया है, जबकि इसका उद्देश्य समाज के दुश्मन राक्षसों का नाश करना था, जो ऋषि-मुनियों की आध्यात्मिक साधना, यज्ञों और गुरुकुलों में बाधा खड़ी करते थे।
बागड़ा ने कहा कि रामायण को इस तरह से तोड़-मरोड़ कर पेश करना समाज की नैतिक नींव पर हमला है, जो किसी व्यक्ति, परिवार, समाज और राजनीतिक आचरण को नियंत्रित करने वाले नैतिक मूल्यों और सिद्धांतों को स्थापित करती है।
आलोक कुमार बोले- कानूनी रास्ते भी तलाश रहे हैं
VHP के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने भी फिल्म को लेकर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि संगठन ने रामायण फिल्म की विवेचना की है और उसे लगता है कि फिल्म में राम कथा और उनके जीवन की घटनाओं से छेड़छाड़ की गई है। आलोक कुमार ने कहा कि यह छेड़छाड़ ऐसी नहीं है जो किसी फिल्म को बनाने के लिए नाटकीयता के वास्ते की जाए, बल्कि यह इरादे से की गई है और गलत नैरेटिव सेट करने की कोशिश है।
आलोक कुमार ने कहा कि फिल्म में रावण को शोषित और वंचित लोगों का मसीहा बताने की कोशिश की गई है, जबकि रामायण में उसके चरित्र, महिलाओं के प्रति उसके व्यवहार और देवी पार्वती को लेकर उसकी भावनाओं को नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने कहा कि संगठन इस फिल्म को चुनौती देने के कानूनी रास्ते भी तलाश रहा है और सेंसर बोर्ड को अपने निर्णय पर दोबारा सोचना चाहिए, नहीं तो उसके खिलाफ अपील की जानी चाहिए और फिल्म का प्रदर्शन रोका जाना चाहिए।
1574 करोड़ कमा चुकी है फिल्म
नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी और नमित मल्होत्रा व यश द्वारा निर्मित फिल्म ‘रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में, साई पल्लवी सीता की भूमिका में और यश रावण की भूमिका में नजर आए हैं। दो भागों में बनी इस फिल्म का पहला हिस्सा 5 नवंबर को दुनियाभर में रिलीज किया गया था। फिल्म ने देश में अब तक 879.50 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है और दुनियाभर में इसका कलेक्शन 1573.95 करोड़ रुपये हो गया है। फिल्म का दूसरा भाग दिवाली 2028 पर रिलीज होगा।

