सूर्य के सबसे नजदीकी ग्रह बुध तक पहुंचने का आठ साल लंबा सफर आज पूरा हो गया। यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ईएसए) और जापान की अंतरिक्ष एजेंसी जाक्सा का संयुक्त मिशन बेपिकोलंबो शनिवार, 21 नवंबर को बुध ग्रह की कक्षा में पहुंच गया। यह इतिहास में पहली बार होगा जब दो यान एक साथ बुध की परिक्रमा करेंगे।

बेपिकोलंबो को 20 अक्टूबर 2018 को फ्रेंच गुयाना के कौरू अंतरिक्ष केंद्र से एरियन-5 रॉकेट से लॉन्च किया गया था। बुध तक पहुंचने के लिए यान ने पृथ्वी के पास से एक बार, शुक्र के पास से दो बार और बुध के पास से छह बार उड़कर ग्रहों के गुरुत्वाकर्षण का इस्तेमाल किया। कक्षा में प्रवेश के लिए यान को करीब 37 मिनट तक इंजन जलाकर अपनी गति नियंत्रित करनी पड़ी।
बुध के बारे में सबसे कम जानकारी
पथरीले ग्रहों में बुध के बारे में वैज्ञानिकों को सबसे कम जानकारी है। बेपिकोलंबो के दो ऑर्बिटर इसी रहस्य को सुलझाएंगे। ईएसए का मर्करी प्लैनेटरी ऑर्बिटर (एमपीओ) बहुत करीब से बुध की सतह, उसकी आंतरिक संरचना, विशाल धात्विक केंद्र और ध्रुवीय गड्ढों में बर्फ की मौजूदगी पर जानकारी जुटाएगा।
वहीं जापान का मर्करी मैग्नेटोस्फेरिक ऑर्बिटर (मियो) थोड़ी दूरी से ग्रह के चुंबकीय क्षेत्र और सौर तूफानों के साथ उसकी अंतर्क्रिया का अध्ययन करेगा। दोनों यान के एक साथ काम करने से बुध को समझने में वैज्ञानिकों को पहली बार इतना विस्तृत डेटा मिलेगा।
नाम के पीछे की कहानी
मिशन का नाम इतालवी गणितज्ञ और इंजीनियर जूसेपे ‘बेपी’ कोलंबो के नाम पर रखा गया है। ग्रहों के गुरुत्वाकर्षण का इस्तेमाल कर यान का रास्ता तय करने की तकनीक विकसित करने में उनका योगदान अहम रहा है। बेपिकोलंबो ने जिस तरह एक के बाद एक ग्रहों के पास से उड़कर अपनी गति और दिशा बदली, वह उन्हीं की तकनीक पर आधारित है।
एक साल की देरी के बाद मंजिल
मूल योजना के अनुसार बेपिकोलंबो को दिसंबर 2025 में बुध की कक्षा में पहुंचना था। लेकिन 2024 में यान के थ्रस्टर की बिजली आपूर्ति में गड़बड़ी सामने आई, जिससे समय करीब एक साल पीछे खिसक गया। इसके बाद मिशन टीम ने यान की गति और रास्ते को नए सिरे से तय किया।
आगमन चरण की शुरुआत तीन सितंबर 2026 को हुई, जब मर्करी ट्रांसफर मॉड्यूल (एमटीएम) को यान के ढांचे से अलग किया गया। इसके बाद ईएसए के एमपीओ ने पूरे यान समूह को बुध तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संभाली।
आगे का कार्यक्रम
कक्षा में पहुंचने के बाद एमपीओ और मियो 9 और 10 दिसंबर को एक दूसरे से अलग होंगे। इसके बाद 16 दिसंबर को मियो के सूर्य-रक्षक ढांचे (मोसिफ) को अलग किया जाएगा। एमपीओ 10 मार्च 2027 को अपनी अंतिम कक्षा में पहुंचेगा और मिशन का वैज्ञानिक चरण छह अप्रैल 2027 से शुरू होगा।
मिशन टीम ने आगमन की तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़ी। जून 2026 से शुरू हुए अभ्यास अभियान में एमटीएम के अलग होने, कक्षा में प्रवेश, दोनों ऑर्बिटर के अलग होने और मोसिफ के अलग होने की हर बड़ी प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। 29 अक्टूबर को अंतिम अभ्यास पूरा हुआ।
15 सितंबर को एमपीओ के सभी उपकरणों को एक साथ पहली बार चालू किया गया था। लेजर अल्टीमीटर बेला ने 21.5 घंटों में सात लाख से ज्यादा पल्स छोड़े और उपकरण पूरी तरह स्वस्थ पाए गए। विज्ञान कैमरा सिम्बियो-सिस ने अंतरिक्ष में अपनी पहली तस्वीर भी ली। नासा के मेसेंजर के बाद बेपिकोलंबो बुध की कक्षा में पहुंचने वाला दूसरा मिशन है।

