मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ऐलान किया है कि प्रदेश में अगले साल 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को ग्वालियर स्थित लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान में आयोजित तीन दिवसीय यंग थिंकर्स कॉन्क्लेव-2026 के आठवें संस्करण के शुभारंभ समारोह में यह घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा ही देश और समाज में परिवर्तन लाते हैं। युवाओं की ऊर्जा, कौशल, हुनर और नवाचारी सोच का उपयोग प्रदेश के विकास में किया जाएगा। इसके लिए सरकार युवाओं को हर संभव अवसर उपलब्ध कराएगी। उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्य के प्रति केंद्रित रहकर प्रतिस्पर्धा के लिए खुद को योग्य बनाने का आह्वान किया।
26 राज्यों के करीब 350 युवा ले रहे हिस्सा
मुख्यमंत्री ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन में भारतीय ज्ञान परंपरा, दर्शन सहित 300 से अधिक विषयों पर वैचारिक मंथन होगा। इसमें देश के 26 राज्यों से चयनित करीब 350 युवा विद्वान, अचीवर्स, कलाकार और लेखक शामिल हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश भर से पंजीकरण के बाद चयन प्रक्रिया से चुने गए युवाओं के विचार विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और युवा शक्ति हमारी बड़ी पूंजी है।
युवा कल्याण पर रहेगा फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं की असीम ऊर्जा, योग्यता, कौशल, हुनर और नवाचारी सोच का उपयोग मध्य प्रदेश के विकास में करना चाहती है। इसके लिए युवाओं को जितने भी मौके मिल सकते हैं, मिलेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने अगले साल को युवा वर्ष घोषित किया है और युवा कल्याण के लिए पहले से चल रहे कामों को इस वर्ष में योजना के अनुसार तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि वे नई सोच और नए संकल्प लेकर आगे बढ़ें। साथ ही उन्होंने कहा कि विचारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता भारतीय समाज की विशेषता है और युवाओं को आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए।
वैदिक घड़ी और भारतीय ज्ञान परंपरा पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्राचीन कालगणना के आधार पर वैदिक घड़ी विकसित की है। अगले सिंहस्थ महाकुंभ में यह घड़ी भक्तों को वैदिक तरीके से समय बताएगी। उन्होंने भारतीय कालगणना, नक्षत्रों और ऐतिहासिक सिक्कों की परंपरा का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति बहुत सारी विविधताओं से भरी हुई है और यहां के लोग एक दूसरे के साथ जुड़े रहते हैं, जैसा कि वसुधैव कुटुम्बकम कहता है कि सब एक परिवार हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उदाहरण देते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता देना भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रभाव का बड़ा उदाहरण है।
प्रदर्शनी और पुस्तक मेले का शुभारंभ
यंग थिंकर्स कॉन्क्लेव-2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल पर मंदिर स्थापत्य, बंगाल नरसंहार और भारतीय विचारकों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने पुस्तक मेले की भी शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने अलग-अलग प्रकाशकों के स्टॉल पर जाकर पुस्तकें देखीं और ज्ञानवर्धक पुस्तकें खरीदीं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लेखक श्रीकृष्ण श्रीवास्तव की किताब ‘अल्लामा इकबाल के दो चेहरे’ का विमोचन भी किया। समारोह में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के उपाध्यक्ष पद्मश्री प्रोफेसर डॉ. भरत गुप्त, लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान की कुलपति प्रोफेसर कल्पना शर्मा, वरिष्ठ प्रचारक एवं लेखक श्रीधर पराड़कर, यंग थिंकर्स फोरम के निदेशक आशुतोष सिंह ठाकुर, अभिनेता पीयूष मिश्रा सहित विभिन्न राज्यों से आए युवा चिंतक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

