मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सिंगापुर और दक्षिण कोरिया की विदेश यात्रा स्थगित हो गई है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सात से 11 दिसंबर तक चलने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तैयारियों को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा कि आगामी विधानसभा सत्र की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सात से 11 दिसंबर तक चलने वाले विधानसभा सत्र की प्राथमिकता को देखते हुए नवंबर के अंत में प्रस्तावित औद्योगिक निवेश के संदर्भ में होने वाली विदेश यात्रा को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
सत्र की तैयारियों पर हुई बैठक
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को विधानसभा सत्र की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की थी। बैठक में सत्र के दौरान पेश किए जाने वाले संभावित विधेयकों सहित अन्य कार्यों को लेकर विचार किया गया। इसके बाद उन्होंने सिंगापुर और दक्षिण कोरिया की यात्रा स्थगित करने का निर्णय लिया।
शीतकालीन सत्र में सरकार के कई अहम विधेयक और प्रस्ताव पेश किए जा सकते हैं। सरकार सत्र के लिए तैयारियों में जुटी हुई है और मुख्यमंत्री खुद इसकी समीक्षा कर रहे हैं। यही वजह है कि विदेश दौरे को फिलहाल टाल दिया गया है।
23 नवंबर को होना था रवाना
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री को 23 नवंबर की देर रात सिंगापुर के लिए रवाना होना था। उनका डेढ़ दिन का सिंगापुर और ढाई दिन का दक्षिण कोरिया का कार्यक्रम तय था। इस दौरान उन्हें औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों से चर्चा करनी थी और अगले साल भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए उद्यमियों को आमंत्रित करना था।
यात्रा के दौरान निवेश की संभावनाओं पर भी संवाद होना था। मुख्यमंत्री का यह दौरा प्रदेश में औद्योगिक निवेश आकर्षित करने की सरकार की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा था।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियां जारी
उधर, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर सरकार की तैयारियां चल रही हैं। समिट का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कराना प्रस्तावित है, हालांकि अभी तक इसका कार्यक्रम निर्धारित नहीं हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि विकास को तेज गति से धरातल पर उतारती है। 13 दिसंबर को राज्य सरकार के तीन साल पूरे होने जा रहे हैं। यात्रा की नई तारीखों का ऐलान शीतकालीन सत्र के बाद किया जाएगा।

