बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान के फैंस के लिए बड़ी खबर है। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ का ट्रेलर 14 दिसंबर को रिलीज होगा। मेकर्स ने ट्रेलर की तारीख का ऐलान कर दिया है, जिसके बाद से फिल्म को लेकर फैंस के बीच उत्साह और बढ़ गया है। फिल्म क्रिसमस के मौके पर 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

शाहरुख खान करीब तीन साल के लंबे ब्रेक के बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। साल 2023 में उनकी तीन फिल्में ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘डंकी’ रिलीज हुई थीं, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया था। अब ‘किंग’ से उनकी वापसी को लेकर फैंस में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है।
14 दिसंबर को आएगा ट्रेलर, 24 दिसंबर को फिल्म
वैराइटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘किंग’ का ट्रेलर 14 दिसंबर को लॉन्च किया जाएगा। फिल्म की रिलीज से ठीक 10 दिन पहले ट्रेलर लाने की रणनीति मेकर्स ने जानबूझकर बनाई है, ताकि दर्शकों के बीच एक्साइटमेंट चरम पर रहे और इसका सीधा फायदा एडवांस बुकिंग में मिले। मेकर्स ने क्रिसमस हॉलिडे और साल के आखिर में बॉक्स ऑफिस पर कब्जा जमाने के लिए एक तगड़ा प्रमोशनल प्लान तैयार किया है।
फिल्म का पहला प्रमोशनल गाना ‘तू मिल जाए’ 2 नवंबर को शाहरुख खान के जन्मदिन पर रिलीज किया गया था, जो पहले ही चार्टबस्टर बन चुका है। इसके साथ ही फिल्म से शाहरुख के रफ एंड टफ फर्स्ट लुक ने भी सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी हैं। सचिन-जिगर के म्यूजिक से सजा फिल्म का एक और नया गाना इसी महीने के आखिर में रिलीज किया जाएगा। इसके बाद 14 दिसंबर को ट्रेलर के साथ प्रमोशन की रफ्तार और तेज हो जाएगी।
पहली बार साथ दिखेंगे शाहरुख और सुहाना
इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें शाहरुख खान पहली बार अपनी बेटी सुहाना खान के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। सुहाना ने जोया अख्तर की नेटफ्लिक्स फिल्म ‘द आर्चीज’ से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था, लेकिन ‘किंग’ उनकी पहली थिएट्रिकल रिलीज होगी। बाप-बेटी की इस जोड़ी को बड़े पर्दे पर साथ देखने के लिए दर्शक काफी उत्साहित हैं। ट्रेलर में इनकी पहली झलक देखने को मिल सकती है।
सिद्धार्थ आनंद और दीपिका के साथ फिर जमेगी जोड़ी
फिल्म का डायरेक्शन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं, जिन्होंने शाहरुख के साथ ‘पठान’ जैसी ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म दी थी। इसके अलावा फिल्म में एक बार फिर शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की सुपरहिट जोड़ी नजर आएगी। दोनों इससे पहले ‘ओम शांति ओम’, ‘चेन्नई एक्सप्रेस’, ‘हैप्पी न्यू ईयर’, ‘पठान’ और ‘जवान’ जैसी बड़ी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं।
‘किंग’ की स्टारकास्ट इसे साल की सबसे बड़ी फिल्म बनाती है। शाहरुख, सुहाना और दीपिका के अलावा इस फिल्म में अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ और अरशद वारसी जैसे दिग्गज कलाकार भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे। इतने बड़े सितारों के एक साथ आने से फिल्म को लेकर उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। अब सबकी निगाहें 14 दिसंबर पर टिकी हैं, जब ‘किंग’ का ट्रेलर सामने आएगा और 24 दिसंबर की महा-रिलीज का काउंटडाउन शुरू होगा।

