back to top
Sunday, November 22, 2026
Homeखेलइंदौर में आज स्नूकर विश्व चैंपियनशिप का फाइनल, पंकज आडवाणी की नजर...

इंदौर में आज स्नूकर विश्व चैंपियनशिप का फाइनल, पंकज आडवाणी की नजर खिताब पर

इंदौर। इंदौर के यशवंत क्लब में चल रही आईबीएसएफ वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप का शनिवार को आखिरी दिन है। 12 नवंबर से शुरू हुई इस 10 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया के 32 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। शनिवार सुबह 10 बजे से पुरुष और महिला वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए, जबकि दोपहर 3 बजे से खिताबी फाइनल मुकाबले शुरू हुए। भारतीय दर्शकों की सबसे ज्यादा नजरें स्टार खिलाड़ी पंकज आडवाणी और महिला वर्ग की मौजूदा चैंपियन अनुपमा रामचंद्रन के प्रदर्शन पर टिकी हैं।

इंदौर स्नूकर चैंपियनशिप फाइनल

पंकज आडवाणी सेमीफाइनल में

पुरुष वर्ग में भारत के दिग्गज क्यू खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई है। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने अपने ही देश के दिग्विजय कादियान को 4-2 से हराया। सेमीफाइनल में उनका सामना ईरान के अली घरहगज्लू से हो रहा है। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने पर आडवाणी फाइनल में पहुंच जाएंगे और विश्व खिताब से सिर्फ एक कदम दूर रह जाएंगे। पुरुष वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में हांगकांग के लैंगयी रयान ली और टैम युन फंग आमने-सामने हैं। ऐसे में खिताबी मुकाबले में भारत और हांगकांग के खिलाड़ियों के बीच भिड़ंत की संभावना भी बनी हुई है।

महिला वर्ग में अनुपमा की चुनौती

महिला वर्ग में भारत की मौजूदा चैंपियन अनुपमा रामचंद्रन ने भी अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। उनका सामना टेसा डेविडसन से हो रहा है। अनुपमा की नजर अपने खिताब को बरकरार रखने पर है। महिला वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में हांगकांग की शिउ विंग मैन और सो मैन यान के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। इंदौर की स्थानीय खिलाड़ी अमी कामाणी को क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा, जिससे उनका अभियान समाप्त हो गया। हालांकि घरेलू मैदान पर उनका प्रदर्शन दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।

विजेता को कितनी इनामी राशि

इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के लिए अच्छी इनामी राशि रखी गई है। पुरुष वर्ग में कुल 25 हजार डॉलर की इनामी राशि है, जिसमें चैंपियन बनने वाले खिलाड़ी को 10 हजार डॉलर और उपविजेता को 5 हजार डॉलर मिलेंगे। सेमीफाइनल में हारने वाले दोनों खिलाड़ियों को 2500-2500 डॉलर और क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वालों को 1000-1000 डॉलर दिए जाएंगे। 100 से अधिक का सबसे बड़ा ब्रेक लगाने वाले खिलाड़ी को 1000 डॉलर का विशेष पुरस्कार भी मिलेगा। महिला वर्ग में विजेता को 4 हजार डॉलर और उपविजेता को 2 हजार डॉलर मिलेंगे। सेमीफाइनल में हारने वाली खिलाड़ियों को 1000-1000 डॉलर, क्वार्टर फाइनलिस्ट को 500-500 डॉलर और 75 से अधिक का सबसे बड़ा ब्रेक लगाने वाली खिलाड़ी को 500 डॉलर का विशेष पुरस्कार दिया जाएगा।

यशवंत क्लब में खास तैयारियां

इतने बड़े स्तर के टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए यशवंत क्लब के स्मैश हॉल में विशेष तैयारियां की गई हैं। यहां 10 मैच टेबल और दो प्रैक्टिस टेबल लगाई गई हैं। सभी टेबल चीन से मंगाई गई हैं, जबकि टेबल पर इस्तेमाल होने वाला प्रीमियम कपड़ा इंग्लैंड से आयात किया गया है। खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा के लिए हॉल में एयर कंडीशनिंग और दर्शक दीर्घा की व्यवस्था की गई है। 25 से ज्यादा देशी-विदेशी रेफरी इस चैंपियनशिप में तैनात किए गए हैं। शनिवार को फाइनल के बाद पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र और चैंपियनशिप मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments