नई दिल्ली। भारतीय स्मार्टफोन कंपनी लावा ने देश में अपना नया बजट स्मार्टफोन लावा स्मार्ट 4 प्रो लॉन्च कर दिया है। इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 7000mAh की बड़ी बैटरी और मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी है। कंपनी का दावा है कि यह फोन गिरने पर भी जल्दी टूटेगा नहीं। फोन को सिंगल वेरिएंट में लॉन्च किया गया है, जिसकी कीमत 10,999 रुपये है। यह स्मार्टफोन देशभर के ऑथराइज्ड ऑफलाइन स्टोर्स से खरीदा जा सकेगा।

7000mAh बैटरी और 950 घंटे का बैकअप
लावा स्मार्ट 4 प्रो में 7000mAh की बैटरी दी गई है, जिसे लेकर कंपनी का दावा है कि यह यूजर्स को बेहतर बैटरी बैकअप देगा। कंपनी का कहना है कि एक बार बैटरी को फुल चार्ज करने के बाद 950 घंटे तक का बैकअप मिलेगा। इसके साथ 18W का फास्ट चार्जिंग सपोर्ट और यूएसबी टाइप-सी पोर्ट दिया गया है। बड़ी बैटरी के चलते यह फोन उन यूजर्स के लिए अच्छा विकल्प माना जा रहा है जो बार-बार चार्जिंग से बचना चाहते हैं।
मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी
इस डिवाइस को MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी सर्टिफिकेशन मिला है। इसका मतलब है कि यह फोन कई बार गिरने पर भी जल्दी खराब नहीं होगा। फोन में 6.75 इंच का एचडी प्लस डिस्प्ले दिया गया है, जिसमें वॉटरड्रॉप स्टाइल नॉच और 90Hz का रिफ्रेश रेट मिलता है। यह स्मार्टफोन नीलम ब्लू और कोनार्क गोल्ड — दो कलर वेरिएंट में आता है।
प्रोसेसर और कैमरा
लावा स्मार्ट 4 प्रो को पावर देने के लिए ऑक्टा-कोर Unisoc T610 चिपसेट दिया गया है। इसमें 4GB रैम और 4GB वर्चुअल रैम का सपोर्ट मिलता है, जबकि इंटरनल स्टोरेज 64GB है और माइक्रोएसडी कार्ड से इसे बढ़ाया जा सकेगा। कैमरा सेटअप की बात करें तो 13 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा दिया गया है, जो पोर्ट्रेट, नाइट, एआई, प्रो मोड, पैनोरमा और स्लो मोशन सपोर्ट के साथ आता है। सेल्फी के लिए भी फ्लैश लाइट दी गई है।
Android 16 और कीमत
यह स्मार्टफोन Android 16 के साथ आता है, जो स्टॉक वर्जन होगा। यह थर्ड-पार्टी ब्लोटवेयर ऐप्स से मुक्त होगा और इसमें दो साल तक सिक्योरिटी पैच के अपडेट मिलेंगे। कीमत की बात करें तो 4GB रैम और 64GB स्टोरेज वाले सिंगल वेरिएंट की कीमत 10,999 रुपये रखी गई है। इस कीमत पर 7000mAh बैटरी, मिलिट्री-ग्रेड मजबूती और क्लीन Android अनुभव इसे बजट सेगमेंट में एक मजबूत दावेदार बनाते हैं।

