इंदौर। इंदौर के यशवंत क्लब में खेली गई आईबीएसएफ विश्व स्नूकर चैंपियनशिप के फाइनल में भारत की अनुपमा रामचंद्रन ने शनिवार को शानदार वापसी करते हुए अपना खिताब बरकरार रखा। महिला वर्ग के फाइनल में अनुपमा ने हांगकांग चीन की सो मैन यान को 3-1 से हराया। इस जीत के साथ वह लगातार दो बार यह खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं।

पहला फ्रेम गंवाकर की जोरदार वापसी
फाइनल की शुरुआत अनुपमा के लिए अच्छी नहीं रही और उन्हें पहला फ्रेम गंवाना पड़ा। इसके बाद उन्होंने जल्द ही अपनी लय हासिल कर ली और 31, 19 तथा 16 अंकों की ब्रेक के साथ दूसरा फ्रेम जीतकर मुकाबले में वापसी की। तीसरे फ्रेम में 16, 28 और 18 अंकों के ब्रेक लगाकर अनुपमा ने 2-1 की बढ़त बना ली। चौथे फ्रेम में मैन यान ने आक्रामक शुरुआत करते हुए 20 अंक बटोरे, लेकिन अनुपमा ने 14 और 26 अंकों के ब्रेक के साथ खिताब अपने नाम कर लिया। खिताबी जीत के लिए अनुपमा को 4,000 डॉलर की पुरस्कार राशि मिली।
खिताब बचाना पहली जीत से भी खास
लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने के बाद अनुपमा ने कहा कि खिताब का बचाव करना पहली बार इसे जीतने से भी ज्यादा खास है। भारत में घरेलू मैदान पर ऐसा करना उनके लिए बेहद यादगार अनुभव रहा। अनुपमा ने कहा कि वह अब आगामी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में खेलने की तैयारी करेंगी और इस स्पर्धा में भागीदारी को लेकर उत्साहित हैं।
पुरुष वर्ग में ईरान के घराहगोजलू चैंपियन
पुरुष वर्ग के फाइनल में ईरान के अली घराहगोजलू ने हांगकांग चीन के टैम युन फुंग को 5-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। उन्होंने खिताब के साथ 10,000 डॉलर की पुरस्कार राशि भी अपने नाम की। इससे पहले सेमीफाइनल में घराहगोजलू ने भारत के पंकज आडवाणी को 5-3 से हराया था। दिग्गज क्यू स्पोर्ट्स खिलाड़ी आडवाणी बिलियर्ड्स और स्नूकर में कुल 29 विश्व खिताब जीत चुके हैं, लेकिन इस चैंपियनशिप में उन्हें तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
आडवाणी ने दी विजेता को बधाई
आडवाणी ने कहा कि खेल में हार-जीत लगी रहती है और ईरान के अली घराहगोजलू ने शानदार खेल दिखाया। उन्होंने विजेता को खिताबी जीत की बधाई दी। इस चैंपियनशिप में 32 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था और कुल 40 हजार डॉलर की पुरस्कार राशि रखी गई थी, जिसमें पुरुष वर्ग के लिए 25 हजार और महिला वर्ग के लिए 15 हजार डॉलर निर्धारित थे। चैंपियनशिप का उद्घाटन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिग्गज खिलाड़ियों पंकज आडवाणी और गीत सेठी की उपस्थिति में किया था।

