back to top
Tuesday, November 24, 2026
Homeव्यापारइंदौर सराफा: एक दिन में सोना ₹2,100 उछला, चांदी ₹3,500 महंगी

इंदौर सराफा: एक दिन में सोना ₹2,100 उछला, चांदी ₹3,500 महंगी

इंदौर के सराफा बाजार में मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में आए उछाल का सीधा असर इंदौर के भावों पर पड़ा और एक ही दिन में सोना 2,100 रुपये तक महंगा हो गया, जबकि चांदी के भाव में 3,500 रुपये प्रति किलो की बढ़त दर्ज की गई। सोना खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए यह खबर किसी झटके से कम नहीं है, क्योंकि शादी-ब्याह के सीजन में कीमतों का बढ़ना जेब पर सीधा असर डालता है।

ऑल इंडिया बुलियन के आंकड़ों के मुताबिक, 24 नवंबर को इंदौर में 24 कैरेट सोने का भाव 1,30,358 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं 22 कैरेट सोना 1,19,408 रुपये और 18 कैरेट सोना 97,769 रुपये प्रति 10 ग्राम पर चल रहा है। चांदी की कीमत भी 1,58,145 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई है। सराफा कारोबारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय संकेतों के चलते घरेलू बाजार में भी तेजी का रुख बना हुआ है।

नकद बाजार में सोना 1,28,200 रुपये पर

इंदौर सराफा बाजार के बंद भावों की बात करें तो सोना केडबरी रवा (नकद) 2,100 रुपये की बढ़त के साथ 1,28,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। शनिवार को यह भाव 1,26,100 रुपये पर बंद हुआ था। सोना आरटीजीएस 1,24,650 रुपये प्रति 10 ग्राम बोला गया, जिस पर जीएसटी अलग से लगेगा। 22 कैरेट सोने का आरटीजीएस भाव 1,14,300 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। चांदी चौरसा 3,500 रुपये बढ़कर 1,56,000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई, जबकि शनिवार को यह 1,52,500 रुपये प्रति किलो थी। चांदी आरटीजीएस 1,51,250 रुपये और टंच 1,56,000 रुपये प्रति किलो बोली गई। चांदी के सिक्के का भाव 2,130 रुपये प्रति नग रहा।

अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान से आई तेजी

बाजार जानकारों के मुताबिक, इस तेजी के पीछे अमेरिकी राष्ट्रपति का एक बयान है। उन्होंने अपने देश के बैंकों को भारत का उदाहरण देते हुए कहा था कि ब्याज दरें कम रखकर ही विकास दर को आगे बढ़ाया जा सकता है। इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय बुलियन वायदा बाजार में सटोरियों की सक्रियता बढ़ गई और निवेशकों की खरीदारी से कॉमेक्स पर सोने का वायदा 82 डॉलर बढ़कर 3,619 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी का वायदा भी 166 सेंट बढ़कर 42.90 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा। इंदौर के ज्वेलर्स का मानना है कि बाजार में आई यह तेजी काफी हद तक सटोरियों की वजह से है, इसलिए खरीदारी से पहले भावों पर नजर बनाए रखना जरूरी है।

खरीदारी से पहले रखें इन बातों का ध्यान

आज गुरु नानक जयंती के कारण शेयर बाजार बंद है, लेकिन एमसीएक्स पर शाम के सत्र में कारोबार होगा। सोना-चांदी खरीदने जा रहे ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे हॉलमार्क वाला ही सोना खरीदें और बिल पर जीएसटी, मेकिंग चार्ज तथा अन्य शुल्कों की जानकारी पहले से ले लें। कीमतों में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है, इसलिए बड़ी खरीदारी से पहले दो-तीन ज्वेलर्स से भाव की तुलना करना फायदेमंद रहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments