back to top
Monday, November 23, 2026
Homeव्यापारफूटी कोठी: मंडी हटने से सर्विस लेन हुई चौड़ी, 160 विक्रेताओं को...

फूटी कोठी: मंडी हटने से सर्विस लेन हुई चौड़ी, 160 विक्रेताओं को चंदन नगर में जगह

इंदौर। संत सेवालाल ब्रिज (फूटी कोठी चौराहा) की सर्विस लेन से वर्षों पुरानी सब्जी मंडी हटाए जाने के बाद सड़क चौड़ी हो गई है, जिससे स्थानीय रहवासियों ने राहत की सांस ली है। मंडी के अतिक्रमण के कारण सड़क पर पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया था। दूसरी ओर, सब्जी विक्रेताओं का धरना-प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी है। विक्रेता ब्रिज के नीचे ही मंडी लगाने की अनुमति मांग रहे हैं, जबकि नगर निगम ने मंडी को चंदन नगर चौराहे पर शिफ्ट करने का निर्णय लिया है।

फूटी कोठी सब्जी मंडी

250 से ज्यादा दुकानों तक फैल गया था अतिक्रमण

चौराहे पर शुरुआत में सब्जी की दुकानों की संख्या कम थी, जो धीरे-धीरे बढ़कर 250 से अधिक हो गईं। दुकानें पहले फुटपाथ पर लगती थीं, लेकिन बाद में सड़क तक फैल गईं। रहवासी लंबे समय से मंडी को कहीं और शिफ्ट करने की मांग कर रहे थे। शनिवार को नगर निगम की रिमूवल टीम ने सभी दुकानों को हटा दिया। इस दौरान जोरदार हंगामा हुआ, लेकिन कार्रवाई जारी रही। मंडी हटने के बाद सर्विस लेन खुली और चौड़ी नजर आने लगी है। रहवासियों ने कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा है कि अतिक्रमण के कारण वाहनों की आवाजाही और पैदल चलना दोनों मुश्किल हो गए थे।

160 को चंदन नगर में जगह, बाकी भटक रहे

दुकानदारों के अनुसार, रविवार को 160 दुकानदारों को चंदन नगर में जगह आवंटित की गई, जबकि बाकी दुकानदार जगह के लिए भटक रहे हैं। विक्रेता इस स्थानांतरण का विरोध कर रहे हैं और ब्रिज के नीचे मंडी लगाने की अनुमति मांग रहे हैं। उनका कहना है कि वे वर्षों से यहां सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे और मंडी हटने से रोजगार का संकट पैदा हो गया है। विक्रेताओं को डर है कि नई जगह पर ग्राहक नहीं आएंगे, जिससे उनका चलता-फिरता कारोबार ठप हो जाएगा।

दंडवत कर लगाई गुहार, आज शाम घेराव की घोषणा

रविवार को सब्जी विक्रेताओं ने ब्रिज के नीचे धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता भी उनके समर्थन में पहुंचे। शहर कांग्रेस के नेताओं देवेंद्र यादव और विवेक खंडेलवाल सहित अन्य नेताओं ने रिमूवल टीम के सामने साष्टांग दंडवत होकर आरती उतारी और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया। दुकानदारों के दोबारा फुटपाथ पर दुकानें लगाने की आशंका के चलते नगर निगम की रिमूवल टीम रविवार सुबह मौके पर पहुंची। धरने पर बैठे लोगों ने टीम के सामने प्रदर्शन किया, जिसके बाद टीम वहां से रवाना हो गई। कांग्रेस ने मांगें न मानने पर आज शाम निगमायुक्त के घेराव की घोषणा की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments