मध्य प्रदेश में पुलिस आरक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे 9.76 लाख अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने 7,500 पुलिस आरक्षक (जीडी) पदों की भर्ती परीक्षा को स्थगित कर दिया है। मंडल ने 22 नवंबर को परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाने का अहम फैसला लिया। अब अभ्यर्थियों को नई परीक्षा तिथि और एडमिट कार्ड का इंतजार है।

परीक्षा के लिए पहले 19 नवंबर की तारीख घोषित की गई थी, लेकिन तय तारीख पर परीक्षा की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी थी। इसके बाद से ही परीक्षा देने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी लगातार असमंजस की स्थिति में थे। मंडल ने साफ किया है कि परीक्षा की नई तारीख और विस्तृत समय-सारणी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर घोषित की जाएगी।
7,500 पदों का ब्योरा
मध्य प्रदेश में पुलिस आरक्षकों के कुल 7,500 पदों को भरने के लिए कर्मचारी चयन मंडल ने पहले विज्ञापन और नियमपुस्तिका जारी की थी। इनमें से 6,800 पद आरक्षक सामान्य ड्यूटी (विशेष सशस्त्र बल को छोड़कर) के लिए हैं, जबकि 700 पद विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) के लिए आरक्षित रखे गए हैं।
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख पहले 29 सितंबर तय की गई थी। अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए मंडल ने आवेदन की अवधि एक सप्ताह के लिए बढ़ा दी थी, जिसके बाद उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक अपना फॉर्म भर सके थे।
42 पीएचडी और 11,961 इंजीनियरों ने भी भरे फॉर्म
इस भर्ती के आंकड़ों ने प्रदेश में बेरोजगारी की स्थिति की गंभीर तस्वीर भी सामने रखी है। आरक्षक पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता तय होने के बावजूद बड़ी संख्या में उच्च शिक्षित युवाओं ने आवेदन किए हैं।
मंडल के आंकड़ों के अनुसार भर्ती के लिए कुल 9.76 लाख आवेदन मिले हैं। इनमें 42 पीएचडी धारक, 11,961 इंजीनियर, 51,381 पोस्ट ग्रेजुएट और 3,26,626 ग्रेजुएट युवा शामिल हैं। इसके अलावा 3,131 डिप्लोमा इंजीनियर, 3,922 अन्य डिप्लोमा उत्तीर्ण, 8,252 आईटीआई पास, 4,38,753 हायर सेकेंडरी, 93,736 हाईस्कूल और 1,011 आठवीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों ने भी फॉर्म भरे हैं।
गृह जिले में पदस्थापना नहीं, पांच साल की सेवा अनिवार्य
भर्ती के नियमों के तहत चयनित उम्मीदवारों को उनके गृह जिले में किसी भी हाल में पदस्थापना नहीं दी जाएगी। अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान प्रदेश के 55 जिलों में से अपनी पसंद की यूनिट चुननी थी। नियुक्ति के बाद संबंधित यूनिट में कम से कम पांच साल की सेवा पूरी करना अनिवार्य होगा, उसके बाद ही ट्रांसफर संभव होगा।
इसके अलावा चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति भोपाल, इंदौर और जबलपुर की शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) में भी की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर सभी परीक्षार्थियों के लिए आधार इनेबल्ड बायोमैट्रिक सत्यापन अनिवार्य रहेगा। अगर परीक्षा एक से अधिक शिफ्ट में होती है तो अभ्यर्थियों के अंकों का नियमानुसार नॉर्मलाइजेशन किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे नई तारीख और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी के लिए मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

