back to top
Monday, November 23, 2026
Homeराज्यसोना-चांदी खरीदने से पहले रुकें! भाव 1.05 लाख तक गिर सकता है

सोना-चांदी खरीदने से पहले रुकें! भाव 1.05 लाख तक गिर सकता है

इंदौर के सराफा बाजार में सोने और चांदी के भाव में चल रहे उतार-चढ़ाव को लेकर ग्राहकों और निवेशकों के मन में लगातार सवाल बने हुए हैं। क्या अभी सोना खरीदना चाहिए, बेचना चाहिए या बेहतर भाव का इंतजार करना चाहिए? इस सवाल पर वरिष्ठ सराफा कारोबारी रोहित ठाकुर ने बाजार की मौजूदा स्थिति, वैश्विक दबाव और आम उपभोक्ताओं की हालत पर विस्तार से अपनी राय रखी है।

उनके अनुसार अभी खरीदारी का अच्छा समय बन रहा है, लेकिन थोड़ा इंतजार भी किया जा सकता है। सोने के भाव में अभी और नरमी आने की संभावना है और इसके 1 लाख 5 हजार रुपये या 1 लाख 7 हजार रुपये के आसपास आने की पूरी संभावना दिखती है। उन्होंने 1 लाख 5 हजार रुपये के स्तर को सुरक्षित और उपयुक्त भाव बताया है।

वैश्विक हालात से भाव में उतार-चढ़ाव

रोहित ठाकुर के मुताबिक मौजूदा समय में वैश्विक हालात काफी चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं और विश्व स्तर पर मंदी का दौर चल रहा है। अमेरिका की फेडरल नीतियों और ब्याज दरों से जुड़े संभावित फैसलों का असर भी सोने और चांदी के बाजार पर दिख रहा है।

उन्होंने बताया कि एक समय बिटक्वाइन 1 करोड़ 30 लाख रुपये के स्तर तक पहुंचा था, जिसकी कीमत घटकर 56 लाख रुपये के आसपास आ गई। इसी तरह सोना 1 लाख 90 हजार रुपये के स्तर से फिसलकर 1 लाख 25 हजार रुपये के दायरे में आया और चांदी भी 4 लाख 20 हजार रुपये के उच्च स्तर से बदलकर 1 लाख 56 हजार रुपये के आसपास पहुंच गई।

चांदी 1.20 लाख तक आ सकती है

सोने के साथ ही चांदी के भाव में भी गिरावट की संभावना जताई जा रही है। कारोबारी के अनुसार चांदी 1 लाख 20 हजार रुपये के स्तर तक आ सकती है। उनका मानना है कि मौजूदा भाव पर भी खरीदारी की जा सकती है, क्योंकि भविष्य में इसमें फिर तेजी आने की उम्मीद है।

भावों में आए तेज बदलाव का असर आम ग्राहकों और आभूषण निर्माण से जुड़े कामकाज पर भी साफ दिखा है। जब चांदी 40 हजार रुपये प्रति 100 ग्राम के हिसाब से दिखती थी तो मध्यम वर्ग और वेतनभोगी परिवारों के लिए खरीदारी करना मुश्किल हो जाता था। जब चांदी 14 हजार से 15 हजार रुपये के स्तर पर आती है तो ग्राहकों की दिलचस्पी फिर लौटती है।

किसान और आदिवासी भी सोने-चांदी से दूर

ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि खेती की लागत बढ़ने और बचत कम होने के कारण किसान भी सोने से दूर होता गया। झाबुआ और अलीराजपुर के आदिवासी समाज में शादी-ब्याह में चांदी के आभूषणों की परंपरा रही है। पहले जहां 1 लाख रुपये में शादी के जेवर आ जाते थे, वहीं भाव बढ़कर 8 लाख रुपये तक पहुंचने पर लोगों को शादी-ब्याह में सोना-चांदी न लाने जैसा फैसला तक करना पड़ा।

भौतिक सोना खरीदना बेहतर, हॉलमार्क जरूर देखें

निवेश की सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि ईटीएफ और ऑनलाइन ट्रेडिंग के बजाय भौतिक रूप से खरीदा गया सोना या चांदी घर में रखने पर मानसिक सुकून मिलता है। डिजिटल या ईटीएफ में स्क्रीन पर घटती संख्या देखकर निवेशकों को घबराहट महसूस होती है।

खरीदारी करते समय सरकार द्वारा निर्धारित एचयूआईडी और हॉलमार्क प्रमाणित आभूषण ही लेने की सलाह दी गई है। साथ ही पक्का बिल लेकर नियमानुसार टैक्स चुकाने पर जोर दिया गया, ताकि भविष्य में किसी कमी या विवाद की स्थिति में ग्राहक उपभोक्ता फोरम में शिकायत कर सकें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments