इंदौर के कृष्णबाग क्षेत्र में सोमवार सुबह से ही तनाव और अफरा-तफरी का माहौल रहा। नगर निगम की रिमूवल टीम सुबह सात बजे भारी पुलिस बल के साथ बस्ती में पहुंची और अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। दो घंटे के भीतर ही बस्ती के 60 से ज्यादा मकान खंडहर में तब्दील हो गए। अपने घरों को आंखों के सामने टूटते देख महिलाएं और बच्चे फूट-फूटकर रो पड़े।

कार्रवाई शुरू होने से पहले रिमूवल टीम ने माइक से घोषणा कर रहवासियों से घरों का सामान समेटने को कहा। इसके बाद भी रहवासियों ने अधिकारियों को घेर लिया और कहा कि वे वर्षों से इसी बस्ती में रह रहे हैं और उनके पास रहने के लिए दूसरा कोई घर नहीं है। काफी देर तक विरोध जारी रहा, लेकिन फिर बुलडोजरों ने मकानों को गिराना शुरू कर दिया।
300 से ज्यादा कर्मचारी और भारी पुलिस बल तैनात
कब्जे हटाने की इस कार्रवाई के लिए 300 से ज्यादा कर्मचारी मौके पर पहुंचे थे। विरोध और पथराव की आशंका को देखते हुए टीम के सदस्यों ने हेलमेट भी पहन रखे थे। मकान तोड़ने के बाद मलबा हटाने का काम भी साथ-साथ चलता रहा।
रहवासियों का कहना था कि वे लंबे समय से यहां रह रहे हैं। कुछ रहवासी कार्रवाई रुकवाने के लिए भोपाल तक भी पहुंचे थे, जबकि कुछ लोग लगातार बस्ती में धरना देकर विरोध कर रहे थे।
23 साल पुराना विवाद, कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई
यह जमीन एमआर-10 जंक्शन के पास स्थित है और करीब दो एकड़ क्षेत्र में फैली है। करीब 23 साल पहले श्रीराम बिल्डर्स ने इस जमीन को खरीदा था, लेकिन बाद में इस पर कब्जे हो गए। मामला कोर्ट तक पहुंचा और कोर्ट ने जमीन से अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए, फिर भी लंबे समय तक कार्रवाई नहीं हो पा रही थी।
बिल्डर और रहवासियों के बीच यह विवाद वर्ष 2003 से चल रहा है। 19 रहवासियों को कोर्ट से स्टे मिला था, लेकिन जिन लोगों को स्टे नहीं मिला था, उन्हें 26 नवंबर से पहले हटाने के निर्देश हाईकोर्ट ने दिए थे। इससे पहले दो बार कार्रवाई टल चुकी थी, क्योंकि विरोध की आशंका के चलते मकानों को तोड़ने के लिए बड़े पुलिस बल की जरूरत थी। सोमवार को पर्याप्त पुलिस बल मिलने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

