back to top
Monday, November 23, 2026
Homeव्यापारइंदौर में आज से सात दिन का 'आदि बाजार', 8 राज्यों के...

इंदौर में आज से सात दिन का ‘आदि बाजार’, 8 राज्यों के जनजातीय शिल्पकार दिखाएंगे हुनर

इंदौर। शहर के ग्रामीण हाट में सोमवार से सात दिवसीय राज्य स्तरीय ‘आदि बाजार’ शुरू हो रहा है। भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ (ट्राइफेड) की ओर से आयोजित यह बाजार 23 से 29 नवंबर 2026 तक चलेगा। इसका शुभारंभ आज अपराह्न चार बजे केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके फीता काटकर करेंगे। कार्यक्रम में सांसद शंकर लालवानी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। देश की समृद्ध जनजातीय कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को बढ़ावा देना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।

इंदौर आदि बाजार

32 स्टॉलों पर आठ राज्यों की कला

ग्रामीण हाट में लगाए गए लगभग 32 स्टॉलों पर देश के विभिन्न राज्यों के जनजातीय शिल्पकार और उद्यमी अपने हस्तनिर्मित उत्पादों, पारंपरिक कलाकृतियों और स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय करेंगे। मध्य प्रदेश, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों के शिल्पकारों के उत्पाद यहां उपलब्ध रहेंगे। आगंतुकों को महेश्वरी और चंदेरी वस्त्र कला, बाघ प्रिंट की साड़ियां और सूट, डोकरा धातु शिल्प, बांस से बनी घरेलू और सजावटी सामग्री, नारियल के खोल से बने कोकोनट बॉक्स, विभिन्न जनजातीय चित्रकलाएं, प्राकृतिक शहद और जैविक सामग्री खरीदने का मौका मिलेगा। इन वस्त्रों में पारंपरिक हथकरघा बुनाई, प्राकृतिक रंगों और लकड़ी के ब्लॉकों से की जाने वाली छपाई की विशिष्टता देखने को मिलेगी।

शिल्पकारों की आजीविका से जुड़ा आयोजन

ट्राइफेड के अनुसार इस बाजार का मकसद जनजातीय शिल्पकारों को सीधे बाजार उपलब्ध कराना, उनकी बिक्री बढ़ाना और आजीविका के अवसर मजबूत करना है। शिल्पकारों से सीधे उत्पाद खरीदने का यह सुनहरा अवसर इंदौर के लोगों के लिए है। ट्राइफेड के इम्पैनल्ड सप्लायर्स में मध्य प्रदेश के कुल 1,635 तथा देशभर के 6,729 लोक कलाकार और शिल्पकार जुड़े हुए हैं। आयोजन के जरिए जनजातीय समुदायों की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और उनकी कला-कौशल को उद्यमशीलता के रूप में प्रोत्साहित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

पूरे प्रदेश में होगी आयोजन श्रृंखला

ट्राइफेड के आयोजन कैलेंडर के अनुसार जनजातीय लोक कलाओं और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के लिए पूरे मध्य प्रदेश में कई आयोजन श्रृंखलाबद्ध तरीके से किए जाएंगे। इस वर्ष का पहला आयोजन इंदौर शहर में हो रहा है। इसके बाद दिसंबर में रीवा में आदि बाजार लगाया जाएगा, जबकि जनवरी 2027 में भोपाल में महोत्सव और फरवरी में ग्वालियर में आदि बाजार का आयोजन होगा। जबलपुर में भी आदि बाजार का आयोजन प्रस्तावित है। जिन शिल्पकारों को इस आयोजन में स्टॉल का अवसर मिला है, उन्हें अगले आयोजनों में भी मौका दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments