back to top
Wednesday, November 25, 2026
Homeटेक्नॉलॉजीउज्जैन में ₹237 करोड़ का डीप-टेक पार्क, IIT इंदौर साझेदार

उज्जैन में ₹237 करोड़ का डीप-टेक पार्क, IIT इंदौर साझेदार

भोपाल। मध्य प्रदेश में विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाया गया है। उज्जैन में करीब 100 एकड़ में 237 करोड़ रुपये की लागत से डीप-टेक रिसर्च एंड इनोवेशन पार्क बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में प्रदेश की पहली ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला के उद्घाटन के दौरान इस पार्क की जानकारी दी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) इंदौर इस पार्क का प्रमुख अकादमिक और शोध साझेदार होगा।

प्रस्तावित पार्क विक्रम उद्योगपुरी के दूसरे चरण में बनेगा। यहां स्टार्टअप कंपनियां और शोधकर्ता महंगी प्रयोगशालाएं खरीदे बिना ही पे-पर-यूज के आधार पर साझा प्रयोगशालाओं का उपयोग कर सकेंगे। इससे ड्रोन, रोबोटिक्स, सेमीकंडक्टर और अन्य उभरती तकनीकों पर काम करने वाली युवा कंपनियों को शोध और विकास की लागत में बड़ी राहत मिलेगी। प्रदेश मंत्रिमंडल ने 18 नवंबर को गांधी सागर में हुई बैठक में इस परियोजना को मंजूरी दी थी। सरकार ने मार्च 2024 में इसके लिए 237 करोड़ रुपये का अनुदान स्वीकृत किया था।

चार विशेष केंद्रों पर होगा शोध

पार्क में चार विशेष शोध केंद्र बनाए जाएंगे। वराहमिहिर केंद्र खगोल विज्ञान, संदीपनी केंद्र भारत की पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों, बलराम केंद्र कृषि विज्ञान और आर्यभट्ट केंद्र उभरती तकनीकों पर शोध करेगा। पार्क का संचालन सेक्शन 8 की गैर-लाभकारी कंपनी के माध्यम से होगा, जिसके अध्यक्ष मुख्यमंत्री होंगे। मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (MAPCAST) की इसमें 70 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी, जबकि MPIDC के पास 30 प्रतिशत हिस्सेदारी रहेगी।

AI, सेमीकंडक्टर और क्वांटम पर फोकस

इस केंद्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एडवांस्ड हार्डवेयर, मेडिकल टेक्नोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी, स्वच्छ और जलवायु तकनीक, अंतरिक्ष और रक्षा तकनीक, रोबोटिक्स, सेमीकंडक्टर, क्वांटम तकनीक, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और ऑगमेंटेड-वर्चुअल रियलिटी जैसे क्षेत्रों पर काम होगा। कृषि तकनीक के तहत जीआईएस, एआई और ड्रोन की मदद से सटीक खेती पर भी परियोजनाएं चलेंगी। प्रदेश के विश्वविद्यालयों के गणित और भौतिकी के शिक्षक भी इस पहल से जुड़ेंगे।

भोपाल में खुली प्रदेश की पहली डेटिंग प्रयोगशाला

इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भोपाल के MAPCAST विज्ञान भवन में डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला और गैलरी का उद्घाटन किया। यह प्रयोगशाला 10 लाख साल तक पुरानी पुरातात्विक सामग्रियों की उम्र का पता लगा सकेगी। कार्यक्रम में धनुष क्वांटम टेक्नोलॉजी लिमिटेड और MAPCAST के बीच कौशल विकास और नवाचार को लेकर समझौता भी हुआ। MAPCAST अब तक 250 से अधिक युवा वैज्ञानिकों को फेलोशिप दे चुका है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments