इंदौर में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ का बहुप्रतीक्षित कॉन्सर्ट अब बस कुछ ही घंटे दूर है। रविवार, 15 नवंबर को शहर के बायपास स्थित सी-21 एस्टेट ग्राउंड पर होने वाले इस शो के लिए अब तक करीब सात करोड़ रुपये के टिकट बिक चुके हैं। दिलजीत लगातार दूसरे साल इंदौर में अपना शो करने जा रहे हैं, और इस बार पिछले साल की तुलना में ज्यादा टिकट बिके हैं, जिससे शहर में उनके प्रशंसकों के उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है।![]()
आयोजकों के अनुसार एक टिकट की कीमत करीब चार हजार रुपये है और अब तक 25 हजार टिकट बिक चुके हैं। यह शो दिलजीत के ऑरा टूर का हिस्सा है, जिसकी शुरुआत 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से हुई थी।
टिकट बिक्री का हिसाब और मनोरंजन कर
आयोजकों ने टिकट बिक्री का पूरा हिसाब नगर निगम को सौंप दिया है। मनोरंजन कर के रूप में अब तक 60 लाख 82 हजार रुपये जमा कराए गए हैं। जानकारी के अनुसार 13 नवंबर को कंपनी ने 7 करोड़ 17 लाख रुपये की टिकट बिक्री के आधार पर यह राशि निगम के खाते में जमा कराई। नगर निगम ने इस बार आयोजकों से टिकट बिक्री का पूरा ब्योरा, प्रतिदिन बिकने वाले टिकटों की जानकारी और चार्टर्ड अकाउंटेंट की रिपोर्ट मांगी थी।
यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि पिछले शो के मनोरंजन कर का हिसाब अब तक विवादों में है। दिसंबर 2024 में 8 दिसंबर को सी-21 मैदान पर हुए पिछले शो का आयोजन सारेगामा एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने किया था। उस शो में 24,622 दर्शक पहुंचे थे। पूरे दिल-लुमिनाती इंडिया टूर में 14 शहरों में कार्यक्रम हुए थे और टिकट बिक्री से 221 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी। औसत प्रति दर्शक आय के हिसाब से इंदौर के शो की टिकट बिक्री लगभग 16 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। नगर निगम की मनोरंजन कर दर 10 प्रतिशत है, जिसके हिसाब से करीब 1.60 करोड़ रुपये टैक्स बनता था, जबकि निगम को आयोजक कंपनी से सिर्फ 65 लाख रुपये मिले थे।
चार गानों पर पहले ही लग चुका है बैन
दिलजीत के कार्यक्रम में इस बार चार गानों को प्रस्तुत नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। इन गानों में पटियाला पैग, 5 तारा ठेके, जेब विचों फीम/केस और जट्ट फायर करदा शामिल हैं। चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धरेनवर की शिकायत के बाद जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने आयोजन स्थल के प्रबंधन को इस संबंध में पत्र जारी किया है।
अधिकारियों की दलील है कि इन गानों में शराब, नशे और हिंसा से जुड़े संदर्भ हैं, जिनका बच्चों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। कार्यक्रम में पांच साल से अधिक उम्र के बच्चों को प्रवेश की अनुमति होने के कारण यह निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 22 जुलाई 2019 के आदेश का भी हवाला दिया गया है।
धमकियों के बीच कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
आयोजन को लेकर लगातार ई-मेल के जरिए धमकियां मिल रही थीं। इसे देखते हुए बम निरोधक दस्ता आयोजन स्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों में लगातार जांच कर रहा है। शो के दौरान भी 500 से ज्यादा पुलिस जवान तैनात रहेंगे, जो सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इससे पहले महापौर कार्यालय और कुछ स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिलने की खबरें भी सामने आई थीं। पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने जांच की। शुरुआती जांच में धमकियों के फर्जी होने की आशंका जताई गई है, लेकिन जांच अभी जारी है। हजारों लोगों के कार्यक्रम में पहुंचने को देखते हुए सुरक्षा, पार्किंग, यातायात और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन की तैयारी पर भी सबकी नजर है।
आयोजन स्थल को लेकर भी उठ रहे सवाल
दिलजीत का नया शो बायपास स्थित सी-21 एस्टेट मैदान पर होना है। इस बार आयोजन की जिम्मेदारी और टैक्स जमा कराने वाले पक्ष को लेकर भी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं होने की खबरें सामने आई हैं। बताया जाता है कि यह जमीन हाउसिंग बोर्ड की है। यहां सबसे बड़ा सवाल जमीन के मालिकाना हक से ज्यादा उसकी कानूनी और राजस्व स्थिति का है। क्या मैदान पर इतने बड़े व्यावसायिक आयोजन की अनुमति और जरूरी दस्तावेज पूरे हैं, यह सवाल भी उठ रहा है।
पोहा खाने जा सकते हैं दिलजीत
दिलजीत दोसांझ शनिवार शाम तक शो के लिए इंदौर पहुंच सकते हैं। माना जा रहा है कि वे यहां के मशहूर पोहे का स्वाद लेने भी जा सकते हैं। पिछले साल वे सुबह छह बजे 56 दुकान पहुंचे थे और वहां पोहे खाए थे। दो दिन पहले उन्होंने शो को लेकर मिल रही धमकियों के बीच भी कहा था कि वे इंदौर आएंगे तो पोहे जरूर खाएंगे। उन्होंने इंस्टाग्राम लाइव में कहा था कि वे 15 तारीख को 101 प्रतिशत इंदौर आएंगे।
इंदौर में बड़े संगीत आयोजनों का सिलसिला लगातार बढ़ रहा है। इससे पहले शहर में हनी सिंह और अरिजीत सिंह के शो भी आयोजित हो चुके हैं। दिलजीत का यह शो इंदौर के संगीत प्रेमियों के लिए एक और बड़ा मौका है।

