भोपाल: मध्य प्रदेश की सियासत में सोशल मीडिया पर जारी हुए एक पोस्टर ने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के भीतर हलचल तेज कर दी है। आलोट विधायक और उज्जैन के पूर्व सांसद डॉ. चिंतामणि मालवीय ने सोशल मीडिया पर यह पोस्टर साझा कर उज्जैन की पुलिस और महाकाल मंदिर की व्यवस्था पर बेहद गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
![]()
मालवीय इससे पहले भी कई मौकों पर अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं। इस बार उन्होंने एक होटल में चार दलित युवकों की मौत के मामले में पुलिस की चुप्पी को ‘ब्लडमनी’ और ‘शरिया कानून’ से जोड़ते हुए सीधे उज्जैन पुलिस अधीक्षक (एसपी) को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
श्रीगंगा होटल हादसा और ‘ब्लडमनी’ का आरोप
पोस्टर में मालवीय ने कहा है कि श्रीगंगा होटल के मालिक की लापरवाही से अनुसूचित जाति (वाल्मीकि समाज) के चार जवान लोग मौत के मुंह में धकेल दिए गए, लेकिन न तो होटल मालिक पर कोई कार्रवाई हुई और न ही एफआईआर दर्ज की गई। उन्होंने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को 30-30 लाख रुपये की ‘ब्लडमनी’ दिए जाने की बात सामने आ रही है।
मालवीय का कहना है कि पीड़ित परिवारों को पैसे देकर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है, जबकि इस तरह के गंभीर मामले में कानून के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए थी।
‘क्या उज्जैन की पुलिस अब शरिया कानून से चलने लगी है?’
मालवीय ने सवाल दागा कि भारतीय न्याय संहिता में ब्लडमनी का कोई प्रावधान नहीं है, तो क्या अब उज्जैन की पुलिस कबीलाई, जंगल या शरिया कानून से चलने लगी है और आपराधिक मामले अदालत के बजाय अपराधियों के रुपयों से तय होंगे?
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस बयान में उन्होंने पुलिस की दोहरी कार्यप्रणाली पर करारा प्रहार किया है। मालवीय का आरोप है कि एक ओर मामूली मामलों में तुरंत कार्रवाई होती है, वहीं दूसरी ओर गंभीर हादसे में जान गंवाने वाले दलित युवकों के मामले में पुलिस ने चुप्पी साध ली है।
दोहरी कार्यप्रणाली का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि महाकाल मंदिर में व्यवस्था भंग करने के मामूली आरोप में चार श्रद्धालुओं के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर ली गई, लेकिन चार युवकों को मौत के मुंह में धकेलने वाले होटल मालिक पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मालवीय के मुताबिक, यह दोहरी कार्यप्रणाली पुलिस की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करती है। श्रद्धालुओं के खिलाफ जहां तत्काल केस दर्ज हो गया, वहीं होटल मालिक के खिलाफ अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया।
उज्जैन एसपी से सीधा सवाल
उज्जैन एसपी पर सीधा हमला बोलते हुए मालवीय ने पूछा कि इतने बड़े कांड की जानकारी निश्चित रूप से उन्हें रही होगी, तो फिर ऐसी कौन-सी डील हुई या बदले में क्या प्राप्त हुआ जिसके चलते होटल मालिक ने नैतिकता, न्याय और संवेदना को दरकिनार कर तीसरे ही दिन दोबारा होटल खोल लिया।
उन्होंने देश के चर्चित हादसों — दिल्ली के उपहार सिनेमा अग्निकांड, वर्ष 2019 के करोल बाग स्थित होटल अर्पित अग्निकांड, दिल्ली बेबी केयर सेंटर हादसे, गोवा के अर्पोरा क्लब और वर्ष 2025 में हरियाणा के बहादुरगढ़ गैस फैक्ट्री कांड — का हवाला देते हुए कहा कि हर जगह मालिकों पर गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में केस दर्ज हुए, लेकिन उज्जैन पुलिस ने चुप्पी साध ली।
महाकाल मंदिर व्यवस्था पर भी सवाल
मंदिर प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए भाजपा विधायक ने लिखा कि महाकाल मंदिर को ‘गुंडा स्वरूप बाउंसरों’ के हवाले कर दिया गया है, जिन्हें श्रद्धालुओं के भक्तिभाव और महत्व का कोई ज्ञान नहीं है और वर्षभर से भक्तों के साथ मारपीट व अपमान की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने काल भैरव मंदिर में भी अव्यवस्थाओं का अंबार लगे होने की बात कहते हुए चेताया कि इन घटनाओं से पूरे देश में उज्जैन की छवि धूमिल हुई है।
सियासी मायने
राजनीतिक गलियारों में डॉ. मालवीय के इस सोशल मीडिया पोस्टर के गहरे मायने निकाले जा रहे हैं। सरकार की नीतियों और प्रशासनिक कार्यशैली पर पहले भी मुखर होकर सवाल उठाते रहे मालवीय द्वारा सार्वजनिक मंच पर इस तरह का पोस्टर जारी करना पार्टी नेतृत्व और राज्य सरकार के लिए असहज स्थिति पैदा करने वाला माना जा रहा है।
धार्मिक पर्यटन के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में प्रचारित किए जा रहे उज्जैन की कानून-व्यवस्था पर सत्तापक्ष के ही वरिष्ठ नेता द्वारा पुलिस पर ‘ब्लडमनी से रिसते खून में हाथ धोने’ जैसे संगीन आरोप लगाने और उज्जैन की जनता को ‘मौन लेकिन अंधी नहीं’ बताने से विपक्षी दलों को भी सरकार को घेरने का बड़ा सियासी हथियार मिल गया है।

