मध्य प्रदेश के रीवा में शुक्रवार को किसानों को लेकर सियासत तेज हो गई। रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के एक बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता उनके आवास का घेराव करने पहुंच गए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पहले से बैरिकेडिंग की थी, लेकिन कार्यकर्ता आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे। हालात बिगड़ने पर पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।
![]()
किसान कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ता
प्रदर्शन की अगुवाई प्रदेश किसान कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने की। शुक्रवार दोपहर चौहान रीवा पहुंचे और वहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ सांसद आवास की ओर कूच किया। पुलिस ने पहले से बैरिकेड लगाकर रास्ता रोका हुआ था। कार्यकर्ताओं ने कई बार बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश भी की, लेकिन कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई और हालात तनावपूर्ण हो गए।
किसानों को नशेड़ी कहने का आरोप, इस्तीफे की मांग
प्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि सांसद जनार्दन मिश्रा ने किसानों को नशेड़ी बताकर देश के अन्नदाताओं का अपमान किया है। कांग्रेस इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी। चौहान ने भाजपा सांसद से इस्तीफे की मांग की और चेतावनी दी कि अगर उन्होंने खुद इस्तीफा नहीं दिया तो कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली जाकर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से जवाब मांगेंगे।
जनार्दन मिश्रा के बयान के बाद कांग्रेस ने प्रदेशभर में उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी लगातार प्रदर्शन कर रही है और सांसद के बयान को किसानों का अपमान बता रही है। रीवा में हुए इस प्रदर्शन के बाद अब यह मुद्दा प्रदेश की सियासत में और गरमा सकता है। पुलिस ने हालात पर काबू पा लिया है, लेकिन कांग्रेस ने आंदोलन जारी रखने के संकेत दिए हैं।

