भारतीय स्टार्टअप इकोसिस्टम में अक्टूबर के पहले हफ्ते में निवेश की रफ्तार धीमी रही। 5 से 9 अक्टूबर के बीच कुल 25 स्टार्टअप्स ने मिलकर करीब 12.29 करोड़ डॉलर (लगभग 1,082 करोड़ रुपये) की फंडिंग जुटाई। पिछले हफ्ते के मुकाबले यह आंकड़ा 47.4 प्रतिशत कम है, जब 16 डील्स में 23.36 करोड़ डॉलर का निवेश हुआ था।


ई-कॉमर्स सेक्टर रहा सबसे आगे
इस हफ्ते निवेशकों की सबसे ज्यादा दिलचस्पी ई-कॉमर्स सेक्टर में दिखी। इस सेगमेंट की 9 कंपनियों ने कुल 6.39 करोड़ डॉलर जुटाए। सबसे बड़ी डील डेलीऑब्जेक्ट्स (DailyObjects) की रही, जिसने सीरीज C राउंड में 3.43 करोड़ डॉलर हासिल किए। इस राउंड में Xponentia Capital Partners, Anicut Capital और Axiom Asia Private Capital ने हिस्सा लिया।
ल्यूमियो (Lumio) ने सीरीज A में 1.2 करोड़ डॉलर जुटाए, जबकि बियॉन्ड अप्लायंसेज (Beyond Appliances) और स्टॉकग्रो (StockGro) ने सीरीज B में 1.04-1.04 करोड़ डॉलर हासिल किए। स्टॉकग्रो के इस राउंड में फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी भी निवेशक के तौर पर जुड़े हैं।
टेक्नोलॉजी और फिनटेक में भी दिलचस्पी
फिनटेक सेक्टर इस हफ्ते दूसरे नंबर पर रहा, जिसमें करीब 2.4 करोड़ डॉलर का निवेश हुआ। नियो ग्रोथ (NeoGrowth) ने 87 लाख डॉलर जुटाए, जिसमें डच डेवलपमेंट बैंक FMO और लीपफ्रॉग इन्वेस्टमेंट्स शामिल हैं। एडवांस्ड हार्डवेयर और टेक्नोलॉजी सेगमेंट में क्वानफ्लुएंस (Quanfluence) को 1 करोड़ डॉलर मिले।
एडटेक प्लेटफॉर्म byteXL ने 90 लाख डॉलर और हेल्थटेक कंपनी सनफॉक्स टेक्नोलॉजीज (Sunfox Technologies) ने सीरीज A में 70 लाख डॉलर जुटाए। शुरुआती चरण की फंडिंग में भी रफ्तार दिखी — प्री-सीड और सीड स्टेज की 9 कंपनियों ने मिलकर 1.25 करोड़ डॉलर हासिल किए।
विलय-अधिग्रहण और IPO की हलचल
फंडिंग के अलावा इस हफ्ते कई बड़े अधिग्रहण भी हुए। हूला हेल्थ (Hoola Health) ने अर्ली-चाइल्डहुड डेवलपमेंट प्लेटफॉर्म अपटॉड (UpTodd) का अधिग्रहण किया। मैरिको (Marico) ने प्लांट-बेस्ड न्यूट्रिशन ब्रांड प्लिक्स (Plix) में अतिरिक्त 24.09 प्रतिशत हिस्सेदारी 1,012.03 करोड़ रुपये में खरीदी, जिससे उसकी कुल हिस्सेदारी 84.09 प्रतिशत हो गई। वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली फ्लिपकार्ट (Flipkart) ने B2B ट्रैवल-टेक स्टार्टअप ट्रैवक्लैन (TravClan) में माइनॉरिटी हिस्सेदारी हासिल की।
IPO मोर्चे पर फर्स्टक्राई की पैरेंट कंपनी ब्रेनबीज सॉल्यूशंस की सब्सिडियरी स्वरा बेबी प्रोडक्ट्स (Swara Baby Products) को सेबी से 1,000 करोड़ रुपये के IPO की मंजूरी मिली। वहीं स्नैपडील की पैरेंट कंपनी ऐसवेक्टर (AceVector) की शेयर बाजार में कमजोर शुरुआत हुई — शेयर इश्यू प्राइस 32 रुपये से 11.6 प्रतिशत डिस्काउंट पर 28.30 रुपये पर लिस्ट हुआ।
नाबवेंचर्स का दूसरा फंड
नाबार्ड की वेंचर कैपिटल इकाई नाबवेंचर्स (Nabventures) ने अपने दूसरे फंड का पहला क्लोज 450 करोड़ रुपये पर किया। इस फंड का कुल लक्ष्य 1,500 करोड़ रुपये है, जिसमें ग्रीनशू ऑप्शन भी शामिल है।


