इंदौर में चुनावी निष्पक्षता और लोकतंत्र की रक्षा की मांग को लेकर कांग्रेस ने बड़ा प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने बड़ा गणपति चौराहे से टोरी कॉर्नर तक पैदल मार्च निकाला।


पैदल मार्च में उठे सवाल
मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनावी प्रक्रिया में खामियों और निर्वाचन आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठाए। पूरे रास्ते नारेबाजी होती रही और व्यवस्था में सुधार की मांग की गई। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत रखने के लिए चुनावों में पारदर्शिता और निष्पक्षता जरूरी है। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शन देशभर में चल रहे विरोध कार्यक्रमों की कड़ी में इंदौर में आयोजित किया गया।
टोरी कॉर्नर पर पुतला दहन
पैदल मार्च का समापन टोरी कॉर्नर पर हुआ, जहां कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि मौजूदा व्यवस्था में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की भावना प्रभावित हो रही है। विशाल मार्च को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क रहा और मुख्य मार्गों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया।
कई नेता रहे मौजूद
प्रदर्शन में कांग्रेस नेता राजेश चौकसे, दीपू यादव, पार्षद राजू भदौरिया, पिंटू जोशी, अमन बजाज, नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।


