back to top
Friday, October 16, 2026
Homeमनोरंजनइंदौर-दिल्ली की 4 ट्रेनें रद्द, 2 पांच घंटे लेट; यात्री परेशान

इंदौर-दिल्ली की 4 ट्रेनें रद्द, 2 पांच घंटे लेट; यात्री परेशान

इंदौर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए शुक्रवार (9 अक्टूबर) का दिन परेशानी भरा रहा। रेलवे ने इंदौर से दिल्ली आने-जाने वाली चार ट्रेनों को निरस्त कर दिया, जबकि दो ट्रेनों को निर्धारित समय से पांच घंटे की देरी से रवाना किया गया। अचानक हुए इस बदलाव से सैकड़ों यात्रियों की यात्रा योजनाएं बिगड़ गईं और कई लोगों को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी।

इंदौर-दिल्ली की ट्रेनें रद्द होने से परेशान यात्री

ये चार ट्रेनें हुईं निरस्त

9 अक्टूबर को जिन ट्रेनों को रद्द किया गया, उनमें गाड़ी संख्या 20155 डॉ. अम्बेडकर नगर से नई दिल्ली एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 09309 इंदौर से हजरत निजामुद्दीन स्पेशल एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 12415 इंदौर से नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस और गाड़ी संख्या 12247 बांद्रा टर्मिनस से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली युवा एक्सप्रेस शामिल हैं। इंदौर और महू से 9 अक्टूबर को प्रस्थान करने वाली दो ट्रेनों को भी रद्द किया गया, जबकि दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर सुबह पहुंचने वाली कुछ ट्रेनें भी निरस्त रहीं।

दो ट्रेनें पांच घंटे देरी से चलीं

रद्द की गई ट्रेनों के अलावा दो प्रमुख ट्रेनों को पांच घंटे की देरी से चलाया गया। इनमें गाड़ी संख्या 12951 मुंबई सेंट्रल से नई दिल्ली जाने वाली तेजस राजधानी एक्सप्रेस और गाड़ी संख्या 12953 मुंबई सेंट्रल से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली अगस्त क्रांति एक्सप्रेस शामिल हैं। दोनों ट्रेनों को उनके प्रारंभिक स्टेशन से निर्धारित प्रस्थान समय के पांच घंटे बाद रवाना किया गया।

दिल्ली के प्रदर्शन से जुड़ा मामला

बताया जा रहा है कि यह बदलाव ट्रैकों की मरम्मत या किसी तकनीकी काम की वजह से नहीं किया गया है। दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन के मद्देनजर राजधानी में ट्रैफिक जाम और स्टेशनों पर अत्यधिक भीड़ की आशंका को देखते हुए यह फैसला लिया गया। हालांकि, रेलवे ने आधिकारिक तौर पर इस बदलाव की कोई वजह नहीं बताई है।

यात्रियों को हुई भारी परेशानी

ट्रेनों के निरस्त होने से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को दिल्ली जाने वाली बसों में यात्रियों को आसानी से टिकट नहीं मिले, जिससे कई यात्रियों को अपनी यात्राएं रद्द करनी पड़ीं। दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में मध्य प्रदेश से भी कई लोग शामिल होने जा रहे थे, लेकिन ट्रेनें रद्द होने के कारण उन्हें भी निराश होना पड़ा। रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments