back to top
Friday, October 16, 2026
Homeराज्यइंदौर: रेस्टोरेंट के खाने में कॉकरोच, त्योहारों से पहले खाद्य विभाग का...

इंदौर: रेस्टोरेंट के खाने में कॉकरोच, त्योहारों से पहले खाद्य विभाग का छापा

इंदौर। त्योहारी सीजन में मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए इंदौर के खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहरभर में छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को विभाग की टीमों ने खाद्य निर्माण इकाइयों, नामी रेस्टोरेंटों और घरेलू उद्योगों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई जगह गंभीर खामियां पाई गईं — कहीं रसोई में जंग लगे बर्तन मिले, तो कहीं ग्राहक की शिकायत पर जांच में खाने के पास कॉकरोच तक पाया गया। विभाग ने मौके से कई नमूने लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है।

इंदौर खाद्य विभाग छापा

अन्नपूर्णा इंडस्ट्रीज में अवैध निर्माण पर लगा ताला

मूसाखेड़ी के उद्योग नगर इलाके में स्थित अन्नपूर्णा इंडस्ट्रीज के निरीक्षण में बड़ी अनियमितता सामने आई। टीम ने पाया कि यह प्रतिष्ठान बिना वैध खाद्य पंजीयन के गुलाब जामुन इंस्टेंट मिक्स का उत्पादन और पैकिंग कर रहा था। जांच में प्रतिष्ठान का पंजीयन समाप्त पाया गया और दर्ज पते में भी अंतर मिला। विभाग ने दो अलग-अलग ब्रांड के गुलाब जामुन मिक्स के नमूने जांच के लिए भेजे और वैध पंजीयन मिलने तक निर्माण कार्य पूरी तरह बंद करा दिया। अधिकारियों का कहना है कि त्योहारी सीजन में बिना पंजीयन ऐसे उत्पाद बाजार में आने से उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा हो सकता था।

शिवसागर रेस्टोरेंट में कॉकरोच मिलने की शिकायत

बस स्टैंड और नवलखा क्षेत्र के शिवसागर भोजनालय और शिवसागर रेस्टोरेंट में रसोई का हाल बेहद खराब पाया गया। रखरखाव अव्यवस्थित था, पानी की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र मौके पर उपलब्ध नहीं थे। टीम ने जंग लगे बर्तन और टूटे चॉपिंग बोर्ड तुरंत हटवाए और फर्श की मरम्मत के निर्देश दिए। एक ग्राहक की शिकायत पर टेबल पर कॉकरोच पाए जाने की भी जांच की गई, जिसके बाद रेस्टोरेंट को प्रशिक्षित एजेंसी से नियमानुसार पेस्ट कंट्रोल कराने का निर्देश दिया गया। शिवसागर रेस्टोरेंट से फ्लेक्सी क्रीम डिलाइट का नमूना भी लिया गया।

नरसिंह बाजार और मूसाखेड़ी में भी खामियां

नरसिंह बाजार स्थित लोकेलाइट किचन प्राइवेट लिमिटेड का निरीक्षण प्रोपराइटर अनुष्का जैन की मौजूदगी में किया गया। वहां स्वच्छता और पेस्ट कंट्रोल के मानकों की अनदेखी पाई गई, जिस पर नोटिस जारी किया जा रहा है। मौके से पनीर, दाल, छोले और भटूरे के नमूने लिए गए। वहीं मूसाखेड़ी के मामाजी गृह उद्योग की कन्फेक्शनरी इकाई में साफ-सफाई असंतोषजनक पाई गई। कच्चा माल बिना पैलेट के सीधे जमीन पर रखा था और निर्माण क्षेत्र में रोशनी भी पर्याप्त नहीं थी। यहां से लॉलीपॉप और काजू मलाई टॉफी के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।

चलित प्रयोगशाला से जागरूकता अभियान

खाद्य सुरक्षा विभाग ने चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के जरिए शीतला माता बाजार, लोकेलाइट किचन और नवलखा चौराहा स्थित शिवसागर रेस्टोरेंट में जागरूकता शिविर भी आयोजित किए। कारोबारियों और कर्मचारियों को हेड कैप, दस्ताने और एप्रन पहनने, पैकेजिंग-लेबलिंग जांचने, निर्माण व समाप्ति तिथि देखने और एफएसएसएआई मानकों का पालन करने का प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी और त्योहारी सीजन में यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments