इंदौर। क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर — रेसकोर्स रोड स्थित होलकर स्टेडियम में रविवार 11 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 क्रिकेट मुकाबला खेला जाएगा। हजारों दर्शकों की भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए इंदौर यातायात पुलिस ने मैच के दिन के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है। यातायात व्यवस्था दोपहर 2 बजे से मैच समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। स्टेडियम की ओर जाने वाले कई मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी और जरूरत के अनुसार ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों पर मोड़ा जाएगा।


पासधारकों के अलावा किसी वाहन को प्रवेश नहीं
यातायात पुलिस के अनुसार मैच के दौरान स्टेडियम की ओर केवल पासधारी वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा। विवेकानंद स्कूल और बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स में पार्किंग पास वाले वाहन घंटाघर की ओर से प्रवेश कर सकेंगे, जबकि स्टेडियम के अंदर और बाहर आईटीसी व अभय प्रशाल में पार्किंग पास वाले वाहनों का प्रवेश लेटर्न चौराहे और यशवंत क्लब रोड की ओर से होगा। बिना पास वाले वाहनों के लिए बाल विनय मंदिर स्कूल, एसजीएसआईटीएस और पंचम की फेल में पार्किंग व्यवस्था की गई है। यशवंत क्लब पार्किंग, अभय प्रशाल, आईटीसी, बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स, विवेकानंद स्कूल और आईडीए परिसर की पार्किंग केवल पासधारकों के लिए आरक्षित रहेगी।
दर्शकों के लिए पैदल प्रवेश के मार्ग तय
मैच देखने आने वाले दर्शकों के लिए स्टेडियम तक पहुंचने के अलग-अलग पैदल मार्ग निर्धारित किए गए हैं। हुकुमचंद घंटाघर की ओर से आने वाले और पंचम की फेल की तरफ से पहुंचने वाले दर्शक जंजीरवाला चौराहे से स्टेडियम में प्रवेश कर सकेंगे। वहीं लेंटर्न चौराहे की तरफ से आने वाले दर्शक पैदल ही स्टेडियम की ओर जा सकते हैं। पुलिस ने दर्शकों से अपील की है कि वे अपनी पार्किंग और प्रवेश मार्ग की जानकारी पहले से तय कर लें, ताकि भीड़ में रास्ता तलाशने में समय बर्बाद न हो।
डायवर्जन प्लान: ये रास्ते रहेंगे प्रभावित
दोपहर 2 बजे से मैच समाप्ति के एक घंटे पहले तक कई मार्गों पर ट्रैफिक बदला रहेगा। सिटी बस और पासधारक वाहनों को छोड़कर सभी सवारी वाहन आवश्यकतानुसार रीगल चौराहे से मधुमिलन की ओर डायवर्ट किए जाएंगे। गीताभवन चौराहे से घंटाघर जाने वाला ट्रैफिक ढक्कनवाला कुआं होकर श्रीमाया-मधुमिलन चौराहे की ओर जा सकेगा। रीगल चौराहे से एमजी रोड और हाईकोर्ट-पलासिया की ओर जाने वाले वाहन मधुमिलन की ओर मोड़े जाएंगे। विजयनगर से आने वाले वाहन इंडस्ट्री हाउस से राजकुमार ब्रिज होकर मरीमाता जा सकेंगे, जबकि एलआईजी से पाटनीपुरा चौराहा, परदेशीपुरा और सुभाष नगर होते हुए कुलकर्णी भट्टा ब्रिज से मरीमाता का रास्ता इस्तेमाल किया जा सकेगा। रीगल से पलासिया जाने वाले व्हाइट चर्च से एबी रोड का उपयोग कर सकते हैं। दर्शकों की सुविधा के लिए सिटी बसें घंटाघर और हाईकोर्ट चौराहे के आसपास यात्रियों को उतारेंगी। यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से निर्धारित रूट का पालन करने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।


