इंदौर की फूटी कोठी सब्जी मंडी को लेकर चल रहा विवाद बुधवार को तीसरे दिन भी थमा नहीं। सुबह होते ही सब्जी विक्रेता एक बार फिर ब्रिज के नीचे अपनी दुकानें लगाने पहुंच गए। उनके समर्थन में नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष सोनाली मिमरोट और पार्षद राजू भदौरिया भी मौके पर पहुंच गए। मंडी हटाने को लेकर नगर निगम के कर्मचारियों और नेताओं के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते बड़े विवाद में बदल गई।

निगमकर्मी को थप्पड़ मारने का आरोप
आरोप है कि विवाद के दौरान सोनाली मिमरोट ने एक निगमकर्मी को थप्पड़ जड़ दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने सोनाली मिमरोट और पार्षद राजू भदौरिया सहित पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद ब्रिज के नीचे से सब्जी मंडी हटा दी गई। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया और सभी को कोर्ट में पेश किया, जहां जमानत निरस्त होने के बाद सोनाली समेत तीन लोगों को जिला जेल भेज दिया गया। हंगामे के दौरान भीड़ से एक व्यक्ति ने पार्षद राजू भदौरिया को लात भी मार दी थी, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
सुबह से ही तनाव, सड़क पर फेंकी सब्जियां
बुधवार सुबह सब्जी विक्रेता ब्रिज के नीचे सब्जियां बेचने बैठ गए थे। नगर निगम के रिमूवल गैंग ने जब उन्हें हटाने का प्रयास किया, तो नाराज विक्रेताओं ने सब्जियां सड़क पर फेंक दीं। हालांकि अधिकारियों ने सख्ती दिखाते हुए वहां मंडी नहीं लगने दी और पूरे इलाके को खाली करा लिया।
सामाजिक कार्यकर्ता के घर सुबह पहुंची पुलिस
इसी बीच बुधवार सुबह करीब पांच बजे द्वारकापुरी पुलिस सामाजिक कार्यकर्ता प्रह्लाद पांडे के घर पहुंच गई। इस दौरान उनकी पत्नी ने पुलिस कार्रवाई का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। पांडे भी सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में भूख हड़ताल पर बैठे थे, लेकिन शुगर लेवल कम होने के कारण उन्होंने हड़ताल समाप्त कर दी थी। पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया है।
कांग्रेस का आरोप — पुलिस भाजपा के इशारे पर काम कर रही
इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने पुलिस पर सवाल उठाए हैं। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने पुलिस को भाजपा का एजेंट बताते हुए कहा कि शहर में अत्याचार की पराकाष्ठा हो गई है और गरीबों की रोजी-रोटी छीनी जा रही है। कांग्रेस का दावा है कि मंडी हटने से करीब 450 परिवार प्रभावित होंगे और वह इन परिवारों के हक की लड़ाई जारी रखेगी।
सड़क पर लगती थी सब्जी मंडी
फूटी कोठी चौराहे पर वर्षों से सड़क पर सब्जी मंडी लगती आ रही थी। सुबह और शाम के समय मंडी के कारण यातायात बाधित होता था। इसे देखते हुए दो दिन पहले नगर निगम के रिमूवल गैंग ने मंडी हटा दी थी। इस कार्रवाई का सब्जी विक्रेताओं ने विरोध किया और कांग्रेस नेता भी उनके समर्थन में उतर आए। तीसरे दिन भी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है।

