उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं ने मध्य प्रदेश में ठंड के तेवर तीखे कर दिए हैं। बुधवार को राजधानी भोपाल शीतलहर की चपेट में रही, जहां रात का पारा सामान्य से 5.4 डिग्री नीचे लुढ़ककर 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, 7.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ दमोह प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। दिन में खिली धूप के कारण भोपाल में अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन सूरज ढलते ही सर्द हवाओं ने सिहरन बढ़ा दी।

कई शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे
रीवा में 9.2 डिग्री और रायसेन में 9.4 डिग्री सेल्सियस के साथ रात का पारा 10 डिग्री के नीचे रहा। उमरिया में 10.3 डिग्री, जबलपुर में 10.5 डिग्री, इंदौर में 10.6 डिग्री, गुना और ग्वालियर में 10.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दूसरी ओर, गुना में दिन का अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे अधिक था, जबकि बालाघाट के मलाजखंड में दिन का पारा सामान्य से 3.5 डिग्री गिरकर 23.5 डिग्री सेल्सियस पर सिमट गया। सुबह के समय भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उमरिया में नमी के कारण हल्की धुंध भी छाई रही।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग के भोपाल केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई और मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहा। भोपाल जिले में शीत लहर का प्रभाव रहा, जबकि मंडला, रीवा और सतना जिलों में हल्का कोहरा देखा गया। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री दमोह में दर्ज किया गया, इसके बाद करौंदी (कटनी) में 7.5 डिग्री, गिरवर (शाजापुर) में 8.0 डिग्री, भोपाल में 8.2 डिग्री और रीवा में 9.2 डिग्री रहा। सबसे अधिक न्यूनतम तापमान वाले शहरों में सागर 15.2 डिग्री, शिवपुरी 15.0 डिग्री और नर्मदापुरम 14.3 डिग्री शामिल रहे। अधिकतम तापमान की बात करें तो प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री पाला (बालाघाट) में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम अधिकतम तापमान पचमढ़ी में 23.4 डिग्री रहा।
दो दिन और बढ़ेगी ठिठुरन
मौसम विज्ञानी बीएस यादव ने बताया कि मैदानी इलाकों में रातें ज्यादा सर्द हो गई हैं। अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री तक और गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग ने भोपाल, राजगढ़ और शाजापुर में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में ठंडी हवाएं चलने से अब रात के साथ-साथ दिन के तापमान में भी ठंडक महसूस होगी। 27 से 29 नवंबर के बीच मौसम शुष्क रहने और किसी बड़ी चेतावनी न होने का संकेत दिया गया है।
नागरिकों और किसानों के लिए सलाह
शीत लहर और बदलते मौसम को देखते हुए नागरिकों को गर्म कपड़े पहनने, सिर-गर्दन और हाथ-पैरों को ढकने, गर्म पेय और विटामिन-सी युक्त आहार लेने तथा कम दृश्यता के मद्देनजर यात्रा की योजना सोच-समझकर बनाने की सलाह दी गई है। वहीं, किसानों को खाली खेतों में लहसुन, अगेती मटर, आलू, प्याज, तोरिया, सरसों, अलसी और चना की बुवाई व तैयारी करने, बीजोपचार व जैविक खाद के उपयोग, परिपक्व फसलों की समय पर कटाई करने की सलाह दी गई है।

