back to top
Wednesday, October 21, 2026
Homeराज्यइंदौर में मंगलवार को होगा रावण दहन, मुख्यमंत्री करेंगे शस्त्र पूजन

इंदौर में मंगलवार को होगा रावण दहन, मुख्यमंत्री करेंगे शस्त्र पूजन

दशहरा मैदान में 111 फीट ऊंचे रावण का होगा दहन

इंदौर। दशहरे पर मंगलवार को इंदौर में 10 से अधिक स्थानों पर रावण दहन किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम दशहरा मैदान पर आयोजित होगा, जहां शाम 7 बजे 111 फीट ऊंचे रावण और 250 फीट लंबी लंका का दहन किया जाएगा। इसके अलावा चिमनबाग, छावनी, विजय नगर, कालानी नगर और सुभाष नगर सहित शहर के अन्य स्थानों पर भी रावण दहन के आयोजन होंगे। वहीं, डीआरपी लाइन में पुलिस विभाग की ओर से शस्त्र पूजन किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होकर शस्त्र पूजन करेंगे।

शोभायात्रा और राम-रावण युद्ध का मंचन

दशहरा महोत्सव समिति के संयोजक सत्यनारायण सलवाडिया और पिंटू जोशी ने बताया कि मंगलवार शाम 7 बजे दशहरा मैदान पर रावण दहन होगा। इससे पहले महू नाके से दशहरा मैदान तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। मैदान पर राम-रावण युद्ध और हनुमान सहित वानर सेना द्वारा लंका पर चढ़ाई का मंचन किया जाएगा। रावण दहन से पहले होलकर स्टेट के पदाधिकारी पालकी के साथ शोभायात्रा लेकर पहुंचेंगे। इस दौरान शमी पूजन भी किया जाएगा। बड़ी संख्या में लोग इस कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है।

चिमनबाग और छावनी में अलग-अलग समय पर दहन

चिमनबाग मैदान पर रात 8 बजे के बाद रावण और लंका का दहन होगा। इससे पहले भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं, आरएनटी मार्ग स्थित छावनी में 121 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। यहां रावण दहन का समय रात 12 बजे निर्धारित किया गया है। इससे पहले भजन संध्या, सांस्कृतिक कार्यक्रम और आतिशबाजी होगी। छावनी में पिछले 34 वर्षों से रावण दहन किया जा रहा है और इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। दशहरे के अगले दिन शहर में बासी दशहरा भी मनाया जाएगा।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

शहर के प्रमुख आयोजनों में बड़ी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। दशहरा मैदान, चिमनबाग और छावनी जैसे बड़े आयोजन स्थलों पर ट्रैफिक प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। आयोजकों ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर पहुंचें और पटाखों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments