लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के मौके पर शनिवार को मध्य प्रदेश के कई जिलों में रन फॉर यूनिटी का आयोजन हुआ। इंदौर में नेहरू स्टेडियम से शुरू हुई एकता दौड़ में करीब 500 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। दौड़ का मकसद सिर्फ फिटनेस नहीं था, बल्कि देश की एकता और अखंडता के प्रति युवाओं को जोड़ना भी था।

इंदौर में चार किलोमीटर का रूट
इंदौर में सुबह नेहरू स्टेडियम से दौड़ शुरू हुई और जीपीओ, शिवाजी वाटिका, एमपीपीएससी चौराहा, ट्रैफिक पार्क और रेसीडेंसी से होकर वापस नेहरू स्टेडियम पर ही समाप्त हुई। करीब चार किलोमीटर लंबे इस रास्ते पर विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ लगाई। आयोजन के समापन पर मौजूद लोगों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।
एडिशनल कलेक्टर नवजीवन विजय पवार ने बताया कि इस दौड़ में करीब 500 बच्चों ने भाग लिया। उनका कहना था कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल दौड़ तक सीमित नहीं था, बल्कि सरदार पटेल के राष्ट्र की एकता और अखंडता के विजन को आगे बढ़ाना भी था। खेल अधिकारी रीना चौहान ने बताया कि चार किलोमीटर की इस दौड़ में उच्च शिक्षा विभाग और खेल विभाग से जुड़े विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। आयोजन में जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी भी शामिल हुए।
हरदा, डिंडोरी और शाजापुर में भी आयोजन
हरदा में राष्ट्रीय एकता दिवस पर घंटाघर चौक से रन फॉर यूनिटी शुरू हुई। कलेक्टर कुमार सत्यम ने दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ चांडक चौक, परशुराम चौक और बड़ी सिंधी कॉलोनी मार्ग से होते हुए नेहरू स्टेडियम पहुंची। इसमें करीब 300 विद्यार्थियों के साथ पुलिस जवान, जनप्रतिनिधि और खिलाड़ी शामिल हुए। समापन पर सभी ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के नारे लगाए।
डिंडोरी में छात्र-छात्राओं और अधिकारियों ने रानी अवंती बाई चौक से पुलिस ग्राउंड तक दौड़ लगाई। इसमें शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी और डीएफओ अशोक सोलंकी सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
शाजापुर और नर्मदापुरम में भी उत्साह
शाजापुर में उत्कृष्ट विद्यालय परिसर से शुरू हुई रन फॉर यूनिटी स्टेडियम ग्राउंड पर समाप्त हुई। विधायक अरुण भीमावद, कलेक्टर डॉ. परीक्षित संजय राव झाड़े और एसपी प्रियंका शुक्ला ने स्कूली बच्चों के साथ दौड़ में हिस्सा लिया। इस दौरान विधायक भीमावद ने सरदार पटेल के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के एकीकरण में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।
नर्मदापुरम में एसपी कार्यालय स्थित सरदार पटेल प्रतिमा स्थल पर राष्ट्रीय एकता दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां कलेक्टर आशीष वशिष्ठ सहित अधिकारी, युवा और आम नागरिकों ने रन फॉर यूनिटी में भाग लिया। प्रदेशभर में हुए इन आयोजनों के माध्यम से सरदार पटेल के राष्ट्र एकीकरण के योगदान को याद करते हुए एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।

