मध्य प्रदेश के लाखों पेंशनर्स के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब उन्हें हर साल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बैंक या कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने ईपीएफओ के साथ मिलकर घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा शुरू की है। इस सुविधा से प्रदेश के 11 लाख से ज्यादा पेंशनर्स को फायदा मिल सके
गा।
155299 पर कॉल करें, डाकिया घर आएगा
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए पेंशनर्स को टोल फ्री नंबर 155299 पर कॉल करना होगा। इसके अलावा पोस्टइंफो ऐप के जरिए भी रिक्वेस्ट दर्ज की जा सकती है। रिक्वेस्ट मिलने के बाद डाकिया पेंशनर के घर पहुंचेगा। वहां बायोमेट्रिक मशीन की मदद से अंगूठे या चेहरे का स्कैन किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया कुछ ही मिनटों में पूरी हो जाएगी और डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार हो जाएगा।
इस सुविधा के लिए प्रति प्रमाण पत्र 70 रुपये शुल्क तय किया गया है। प्रमाण पत्र बनने के बाद पेंशनर्स इसे जीवन प्रमाण पोर्टल से डाउनलोड कर सकेंगे।
किन दस्तावेजों की होगी जरूरत
डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पेंशनर्स को कुछ जरूरी जानकारियां अपने पास रखनी होंगी। इनमें आधार नंबर, पेंशन पेमेंट ऑर्डर नंबर, बैंक खाते की जानकारी और आधार से लिंक मोबाइल नंबर शामिल हैं। घर पर डाकिया आने से पहले ये सभी जानकारियां तैयार रखना जरूरी है, ताकि प्रक्रिया में कोई देरी न हो।
11 लाख पेंशनर्स को मिलेगा फायदा
मध्य प्रदेश में इस सुविधा के दायरे में करीब साढ़े 10 लाख से साढ़े 11 लाख सेवानिवृत्त कर्मचारी और परिवार पेंशनर्स आएंगे। इनमें राज्य शासन और निगम-मंडलों के करीब साढ़े चार लाख पेंशनर्स शामिल हैं। इसके अलावा निजी क्षेत्र और फैक्ट्रियों से जुड़े ईपीएफओ के ईपीएस-95 के साढ़े तीन से चार लाख पेंशनर्स भी इसका लाभ ले सकेंगे। वहीं मध्य प्रदेश में रहने वाले केंद्र सरकार, रेलवे, बैंक और सेना के करीब ढाई से तीन लाख पेंशनर्स भी घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र बनवा सकेंगे।
इस सुविधा से बुजुर्ग और ऐसे पेंशनर्स को सबसे ज्यादा राहत मिलेगी, जिन्हें स्वास्थ्य या अन्य कारणों से बैंक और सरकारी कार्यालयों तक पहुंचने में परेशानी होती है। अब उन्हें लंबी कतारों में खड़े होने या बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

