back to top
Thursday, November 19, 2026
Homeराज्यइंदौर: कारोबारी से 10 करोड़ रंगदारी, एसआईटी गठित

इंदौर: कारोबारी से 10 करोड़ रंगदारी, एसआईटी गठित

इंदौर के देवास नाका क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट का कारोबार करने वाले संजय भूरिया से 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) बनाया है। दो अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। बदमाशों ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा का हैंडलर सागरसिंह शेखावत बताकर संजय और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित कारोबारी को 5 सितंबर से लगातार अनजान नंबरों से कॉल आ रहे थे।

व्हाट्सएप पर 70 कॉल, वर्चुअल नंबरों का इस्तेमाल

जांच अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती दौर में पुर्तगाल के नंबरों से कॉल आने की बात सामने आई थी। बाद में तकनीकी जांच में पता चला कि आरोपी अपनी पहचान और वास्तविक स्थान छिपाने के लिए एक विशेष मोबाइल एप तथा वर्चुअल नंबरों का प्रयोग कर रहे हैं। बदमाशों ने व्हाट्सएप पर करीब 70 कॉल किए और इतने ही वॉइस मैसेज भेजकर 10 करोड़ रुपये की मांग की। बातचीत के दौरान आरोपियों का लहजा राजस्थान का पाया गया है। बदमाशों ने फिरौती न देने पर कारोबारी के घर से ही उनका और उनके बेटे का अपहरण करने तथा जान से मारने की सीधी चेतावनी दी है।

रेकी कर जुटाई थी कारोबारी की पूरी जानकारी

रंगदारी मांगने वाले बदमाशों ने संजय भूरिया के पारिवारिक और व्यावसायिक नेटवर्क की पूरी रेकी की थी। आरोपियों को भूरिया के पास मौजूद गाड़ियों की संख्या, उनके पंजीकरण नंबर तथा विभिन्न स्थानों पर फैले कारोबार की सटीक जानकारी थी। मूल रूप से राजस्थान के चूरू जिले के निवासी संजय भूरिया का परिवार राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ा है। उनके मामा विधायक और सांसद का चुनाव लड़ चुके हैं, जबकि चचेरा भाई बिहार में विधायक है। शिकायत लेकर जब पीड़ित कारोबारी शुरुआत में लसूड़िया थाने पहुंचे तो सुनवाई नहीं हुई। बाद में राजनीतिक हस्तक्षेप के बाद पुलिस हरकत में आई और प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पहले भी गैंग के नाम पर कारोबारियों को धमकियां

मध्यप्रदेश में कुख्यात गिरोहों के नाम का सहारा लेकर कारोबारियों को धमकाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व अशोकनगर, इंदौर, खरगोन, भोपाल और सतना जिलों के व्यापारियों को हैरी बॉक्सर गिरोह के नाम पर इसी तरह के वॉइस मैसेज और कॉल मिले थे। उस समय राज्य विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने भी एक विशेष दल का गठन किया था। वर्तमान मामले में भी पुलिस इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि फिरौती मांगने के पीछे किसी संगठित गिरोह का वास्तविक हाथ है या स्थानीय अपराधी गिरोह के नाम का अनुचित लाभ उठा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments