इंदौर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की अक्टूबर महीने की रिपोर्ट से इस समस्या की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, सिर्फ एक महीने के भीतर 4,178 लोग जानवरों के काटने के बाद इलाज के लिए अस्पतालों तक पहुंचे। इनमें सबसे ज्यादा 3,754 मामले अकेले कुत्तों के काटने के हैं, जो कुल मामलों का लगभग 90 प्रतिशत है। इन आंकड़ों ने शहर में आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हर दिन औसतन 135 लोग पहुंच रहे अस्पताल
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, शहर में हर दिन औसतन 135 लोग जानवरों के हमलों का शिकार होकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। सिर्फ कुत्तों के हमलों की बात करें तो हर दिन औसतन 121 लोग कुत्तों का शिकार हो रहे हैं। सबसे चिंता की बात यह है कि इन घटनाओं में 759 मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें जानवरों के काटने के बाद अस्पताल ले जाना पड़ा। बच्चों का इस तरह बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचना प्रशासन की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े करता है।
कुत्ते के बाद बिल्ली, चूहा और बंदर भी बने खतरा
आंकड़ों के मुताबिक, कुत्तों के बाद सबसे अधिक मामले बिल्ली के काटने के सामने आए हैं। पूरे महीने में 252 लोगों को बिल्ली ने काटा, जिनमें 109 पुरुष, 96 महिलाएं और 47 बच्चे शामिल हैं। इसके अलावा चूहे के काटने के 118 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 68 पुरुष, 35 महिलाएं और 15 बच्चे शामिल हैं। बंदर के काटने के 45 मामले भी सामने आए, जिनमें 27 पुरुष, 12 महिलाएं और 6 बच्चे प्रभावित हुए। इनके अलावा अन्य जानवरों के काटने के 9 मामले भी दर्ज किए गए हैं।
फॉलोअप के आंकड़े शून्य, प्रशासन पर सवाल
एक महीने में 759 बच्चों का जानवरों के काटने के बाद अस्पताल पहुंचना बेहद डरावना है। ये आंकड़े बताते हैं कि आवारा जानवरों का आतंक अब बच्चों के लिए भी गंभीर खतरा बन चुका है। इसके बावजूद हैरानी की बात यह है कि रिपोर्ट में फॉलोअप के आंकड़े शून्य दर्ज किए गए हैं। आवारा कुत्तों की रोकथाम, उनकी नसबंदी और बच्चों की सुरक्षा के मामले में संबंधित विभागों की सक्रियता नदारद दिखती है। शहर के लोग अब यह जानना चाहते हैं कि प्रशासन इस बढ़ते खतरे से निपटने के लिए कब ठोस कदम उठाएगा।

