मध्यप्रदेश में 18 अक्टूबर को मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक प्रदेश के 21 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही कुछ जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम के बदलाव को ध्यान में रखकर ही बाहर निकलें।

## 18 अक्टूबर को इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 18 अक्टूबर को राजगढ़, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम, उज्जैन, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में कहीं-कहीं बारिश या बूंदाबांदी के साथ गरज-चमक हो सकती है। बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
## 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
बारिश वाले इलाकों में मौसम विभाग ने गरज-चमक, बिजली गिरने की संभावना और झोंकेदार हवाओं को लेकर भी अलर्ट जारी किया है। प्रभावित जिलों में हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए।
## मौसम बदलने की ये है वजह
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर हरियाणा और आसपास के क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। इसके अलावा दक्षिण-पूर्व राजस्थान और उससे लगे दक्षिणी मध्यप्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास भी एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
## इन संभागों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटे में शनिवार को इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और जबलपुर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं बारिश दर्ज की गई। वहीं प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा।
## खंडवा रहा सबसे गर्म, पचमढ़ी सबसे ठंडा
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक मध्यप्रदेश में सबसे अधिक तापमान खंडवा में 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बैरिसिया (भोपाल) और खरगोन में 36 डिग्री, राजगढ़ में 35.5 और रतलाम तथा नर्मदापुरम में 35.4 डिग्री तापमान रहा। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पचमढ़ी में 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करौंदी में 17.6, अमरकंटक में 18.1, छिंदवाड़ा और नौगांव में 18.5 और दमोह में 18.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।
## भोपाल में साफ रहेगा मौसम
राजधानी भोपाल में 18 अक्टूबर की सुबह 8:30 बजे तक मौसम मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हवा की औसत गति 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है।

