अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के बाद मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड की बड़ी हस्तियों के लिए सुरक्षा सलाह जारी की है। पुलिस ने प्रमुख फिल्मी सितारों से कहा है कि वे भीड़-भाड़ वाली जगहों से बचें, बड़े जमावड़ों में जाने से परहेज करें और सार्वजनिक स्थानों पर फैंस से मिलने-जुलने को सीमित रखें। पुलिस का यह कदम फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंता के बीच उठाया गया है, खासकर तब जब जांच में सामने आया कि हमले से पहले कई मशहूर हस्तियों के घरों की रेकी की गई थी।
![]()
कई सितारों के घरों की हुई थी रेकी
टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की जांच के दौरान मुंबई क्राइम ब्रांच के सूत्रों ने 21 अक्टूबर को खुलासा किया था कि आरोपियों ने हमले से पहले कई सेलिब्रिटी के घरों की रेकी की थी। इनमें अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान और अक्षय कुमार के घर शामिल बताए गए हैं। जांच के मुताबिक हमलावरों को ऐसे सितारों की पहचान करने के निर्देश दिए गए थे, जिनकी सुरक्षा व्यवस्था अपेक्षाकृत कमजोर हो। आरोपी अलग-अलग ऑटो-रिक्शा चालकों की मदद से इन घरों तक पहुंचे थे और सर्वेक्षण किया था। जांचकर्ताओं को यह भी पता चला कि टारगेट चुनने में सोशल मीडिया कंटेंट की भी भूमिका रही।
फैंस की रील से मिली थी टाइगर की सुरक्षा की जानकारी
प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्हें टाइगर श्रॉफ की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में फैंस की शेयर की गई रील्स से जानकारी मिली थी। उन वीडियो से ऐसा लगता था कि अभिनेता के पास उस समय पुलिस सुरक्षा नहीं थी। पुलिस का मानना है कि यह हमला फिल्म इंडस्ट्री में डर फैलाने के इरादे से किया गया था। गौरतलब है कि 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में तीन बाइक सवारों ने टाइगर की कार पर गोलीबारी की थी। अभिनेता इस हमले में बाल-बाल बच गए थे। घटना के कुछ ही घंटों बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हमले की जिम्मेदारी ली थी।
बिश्नोई गैंग की धमकियों के बाद बढ़ी सतर्कता
पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह सलाह इसलिए जारी की गई है ताकि आगे कोई और सुरक्षा जोखिम पैदा न हो। कई बॉलीवुड हस्तियों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी कथित धमकियां मिलने की खबरें भी सामने आई हैं। मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि प्रमुख कलाकारों को सार्वजनिक स्थानों पर जाते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है। सितारों से कहा गया है कि वे भीड़ वाली जगहों पर ज्यादा देर न रुकें और फैंस के साथ सेल्फी लेने के लिए भीड़ में जाने से बचें।

