गेमिंग स्मार्टफोन के शौकीनों के लिए बड़ी खबर है। स्मार्टफोन निर्माता कंपनी REDMAGIC ने अपना नया फ्लैगशिप गेमिंग फोन REDMAGIC 12 Pro ग्लोबल मार्केट में लॉन्च कर दिया है। इससे पहले कंपनी चीन में इस फोन को पेश कर चुकी है। चीनी वर्जन की तुलना में ग्लोबल वेरिएंट के अंदर बहुत ज्यादा बदलाव नहीं किए गए हैं। फोन में 8400mAh की बड़ी बैटरी, 185Hz रिफ्रेश रेट वाली OLED डिस्प्ले और Qualcomm का लेटेस्ट फ्लैगशिप प्रोसेसर दिया गया है। साथ ही इसमें एयर और लिक्विड कूलिंग सिस्टम भी मिलता है, जो लंबे गेमिंग सेशन के दौरान फोन के तापमान को नियंत्रित रखने का काम करता है।

डिस्प्ले: 185Hz OLED, 2000 निट्स ब्राइटनेस
REDMAGIC 12 Pro में 6.85 इंच का 1.5K OLED डिस्प्ले दिया है, जिसे BOE ने तैयार किया है। इसका रिफ्रेश रेट 185Hz तक है, जो गेमिंग के लिए बेहद स्मूद अनुभव देता है। इसमें 960Hz टच सैंपलिंग रेट मिलता है, जिससे टच रिस्पॉन्स तेज रहता है। साथ ही इसमें 2000 निट्स की पीक ब्राइटनेस दी गई है, जिससे तेज धूप में भी स्क्रीन साफ दिखाई देती है। गेमर्स के लिए हाई रिफ्रेश रेट और तेज टच रिस्पॉन्स का यह कॉम्बिनेशन खास तौर पर अहम माना जाता है।
प्रोसेसर: Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6
परफॉर्मेंस के लिए इस फोन में ऑक्टाकोर Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 मोबाइल प्लेटफॉर्म दिया गया है, जो 2nm तकनीक पर बना है। इसके साथ एड्रेनो 850 GPU का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही इसमें एक और प्रोसेसर मिलेगा, जिसका नाम रेड कोर R5 दिया गया है। यह कॉम्बिनेशन हेवी गेम्स और मल्टीटास्किंग को आसानी से संभालने का दावा करता है। कूलिंग के लिए दिया गया एयर प्लस लिक्विड कूलिंग सिस्टम लंबे समय तक गेम खेलने पर भी फोन को गर्म होने से बचाने में मदद करता है।
कैमरा: तीनों लेंस 50 मेगापिक्सल के
REDMAGIC 12 Pro में 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा है, जो 1/1.55 इंच सेंसर के साथ आता है और इसमें f/1.88 अपर्चर मिलता है। इसमें OIS का सपोर्ट भी दिया गया है, जिससे फोटो और वीडियो स्थिर रहते हैं। इसमें 50MP का 120 डिग्री अल्ट्रा वाइड लेंस दिया है, जो f/2.2 अपर्चर के साथ आता है। इसमें 50 मेगापिक्सल का सेकेंडरी कैमरा भी दिया गया है, जो 120 डिग्री फील्ड व्यू को कैप्चर कर सकता है। यानी फोन के तीनों रियर कैमरे 50-50 मेगापिक्सल के हैं, जो इस सेगमेंट में अलग बात है।
बैटरी और चार्जिंग: 8400mAh, 80W वायर्ड और वायरलेस
इस गेमिंग स्मार्टफोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 8400mAh की विशाल बैटरी है। इसके साथ 80W का फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलेगा। इसमें 80W का वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट भी मिलता है, जो इस रेंज के फोन में कम ही देखने को मिलता है। बड़ी बैटरी का मतलब है कि गेमर्स को बार-बार चार्जर की जरूरत नहीं पड़ेगी। फोन Android 17 आधारित Red Magic OS 12 पर काम करता है।
कीमत: 949 डॉलर से शुरुआत
कीमत की बात करें तो Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 के शुरुआती वेरिएंट के अंदर 12GB RAM और 256GB इंटरनल स्टोरेज मिलती है, जिसकी कीमत 949 अमेरिकी डॉलर (करीब 89,999 रुपये) है। यह कीमत अमेरिका में है। कनाडा, यूके और यूरोप में कीमतें अलग-अलग हैं। कंपनी ने इस स्मार्टफोन को तीन RAM और स्टोरेज कॉन्फिगरेशन में पेश किया है। यूरोपीय बाजार में इनकी कीमत क्रमशः 899, 999 और 1,199 यूरो रखी गई है। REDMAGIC 12 Pro की कीमत पिछले मॉडल REDMAGIC 11 Pro के मुकाबले काफी बढ़ाई गई है। भारत में लॉन्च को लेकर अभी कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

